लालच पर भारी पड़ी सच्चाई... कबाड़ समझ बेचे 15 लाख के जेवर, कबाड़ी ने चार महीने बाद लौटाकर जीता दिल

फरीदाबाद में एक परिवार ने गलती से दिवाली की सफाई के दौरान 15 लाख रुपये के सोने के गहने कबाड़ में बेच दिए. चार महीने बाद कबाड़ व्यापारी को गहने मिले, जिन्हें उसने ईमानदारी से पुलिस के जरिए असली मालिक को लौटा दिया.

Shraddha Mishra

हरियाणा: कभी-कभी इंसान की असली पहचान मुश्किल वक्त में सामने आती है. फरीदाबाद में घटी एक घटना ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी जिंदा है. एक कबाड़ व्यापारी को कबाड़ के ढेर में लाखों रुपये के सोने के गहने मिले, लेकिन उसने लालच में आने के बजाय उन्हें उनके असली मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया.

यह मामला फरीदाबाद के अशोक शर्मा से जुड़ा है. उन्होंने पिछले साल जनवरी में कुंभ मेले पर जाने से पहले अपने परिवार के गहनों को सुरक्षित रखने के लिए एक डिब्बे में रखा था. चोरी से बचाने के लिए वह डिब्बा घर में रखी एक बोरी के अंदर छिपा दिया गया.

निराशा के बाद उम्मीद की किरण

शर्मा ने बताया कि दिवाली की सफाई के दौरान, घर की पुरानी और बेकार चीजों को हटाते वक्त वही बोरी गलती से कबाड़ समझ ली गई. परिवार को अंदाजा नहीं था कि उसी बोरी में कीमती गहने भी रखे हैं. जल्दबाजी में वह बोरी एक कबाड़ व्यापारी को बेच दी गई. बाद में जब गहनों की तलाश हुई तो परिवार को अपनी गलती का एहसास हुआ और सभी बेहद परेशान हो गए.

उन्होंने आगे बताया कि, उन्होंने तुरंत उस कबाड़ व्यापारी से संपर्क किया, लेकिन उन्हें तुरंत गहने वापस नहीं मिल सके. उन्हें लगा कि शायद गहने हमेशा के लिए खो गए हैं और वो भारी मन से वे घर लौट आए. करीब चार महीने बाद कबाड़ व्यापारी हाजी अख्तर खान कबाड़ छांट रहे थे. उसी दौरान उन्हें कागज में लिपटा एक पैकेट मिला. खोलकर देखा तो उसमें सोने के गहने थे, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई.

ईमानदारी की मिसाल

हाजी अख्तर खान ने बिना देर किए पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने गहने बल्लभगढ़ के एसीपी जितेश मल्होत्रा के कार्यालय में जमा कराए. जांच के बाद गहने अशोक शर्मा को सौंप दिए गए. खान ने बताया कि जैसे ही उन्हें गहने मिले, उन्होंने तय कर लिया कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे इसे उसके असली मालिक तक पहुंचाएं. उनके परिवार ने भी इस फैसले का पूरा समर्थन किया.

पुलिस ने की सराहना

एसीपी जितेश मल्होत्रा ने हाजी अख्तर खान की ईमानदारी की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि आज के समय में भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो सच्चाई और नैतिकता को महत्व देते हैं. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी कीमती चीजों को सुरक्षित रखने में सावधानी बरतें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag