एलियंस पर ओबामा के बयान से मचा बवाल, ट्रंप बोले 'उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है'

अमेरिका की सियासत में एक बार फिर एलियन और यूएपी (UAP) को लेकर विवाद तेज हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पूर्ववर्ती बराक ओबामा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने एलियन जीवन की संभावना पर टिप्पणी कर संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक कर दिया.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: अपने बेबाक बयान और  टिप्पणियों के कारण लगातार विवादों में रहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सुर्खियों में है. ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर गंभीर आरोप लगते हुए कहा की उन्होंने एलियन के अस्तित्व पर टिप्पणी कर संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक कर दिया. 

ट्रंप का दावा है कि अगर ओबामा की बातें किसी मौजूदा राष्ट्रपति को दी जाने वाली खुफिया जानकारी पर आधारित थीं, तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी का खुलासा हो सकता है.उन्होंने ओबामा पर लगाए इन आरोप के समर्थन में कोई ठोस साबुत नहीं दिया. 

ओबामा ने बहुत बड़ी गलती की है - ट्रंप

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा,"उन्होंने इसे गोपनीय जानकारी से बाहर निकाला.उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था... उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है,"

ट्रंप ने यह संकेत दिया कि ओबामा की टिप्पणियां अगर खुफिया ब्रीफिंग से जुड़ी थीं, तो उनका सार्वजनिक मंच पर जिक्र करना अनुचित था. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि आखिर कौन-सी गोपनीय सामग्री का खुलासा हुआ है.

ओबामा का इंटरव्यू और एलियन पर बयान

हाल ही में पॉडकास्ट होस्ट ब्रायन टायलर कोहेन के साथ बातचीत में जब ओबामा से एलियन के अस्तित्व पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा:"वे मौजूद हैं, लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा है, और उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है. जब तक कोई बहुत बड़ी साजिश न हो और उन्होंने इसे संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति से छिपाया न हो, तब तक कोई भूमिगत सुविधा मौजूद नहीं है."

उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई.

रहस्य और साजिशों का केंद्र -एरिया 51

नेवादा स्थित अमेरिकी वायु सेना की गुप्त सुविधा एरिया 51 लंबे समय से षड्यंत्र सिद्धांतों का केंद्र रही है. कई दावों में कहा जाता रहा है कि यहां एलियन के शव और दुर्घटनाग्रस्त अंतरिक्ष यान छिपाकर रखे गए हैं.

हालांकि, 2013 में सार्वजनिक किए गए सीआईए दस्तावेजों में स्पष्ट किया गया था कि इस स्थान का उपयोग मुख्य रूप से अत्यंत गोपनीय जासूसी विमानों के परीक्षण के लिए किया जाता था.

ओबामा की सफाई

विवाद बढ़ने के बाद ओबामा ने स्पष्ट किया कि उनका बयान इंटरव्यू के "स्पीड राउंड" हिस्से में दिया गया था. उन्होंने कहा कि सांख्यिकीय रूप से ब्रह्मांड में कहीं और जीवन की संभावना हो सकती है, लेकिन राष्ट्रपति रहते हुए उन्हें किसी अलौकिक संपर्क का प्रमाण नहीं मिला.

इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा,"मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान मुझे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे पता चले कि बाहरी ग्रहों के जीवों ने हमसे संपर्क किया है. सचमुच!"

उन्होंने यह भी कहा कि ब्रह्मांडीय दूरियों को देखते हुए पृथ्वी पर बाहरी जीवन के पहुंचने की संभावना बेहद कम है.

ट्रंप का जवाब

गुरुवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने एलियंस के अस्तित्व का कोई प्रमाण देखा है, तो उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे असली हैं या नहीं."

एलियन के कोई प्रमाण नहीं

पिछले कुछ वर्षों में पेंटागन ने अज्ञात उड़ने वाली वस्तुओं (UFO) और यूएपी से जुड़ी रिपोर्टों की जांच तेज की है. 2022 में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कांग्रेस को बताया था कि पृथ्वी पर एलियंस के आने या दुर्घटनाग्रस्त होने का कोई सबूत नहीं है.

पेंटागन की 2024 की रिपोर्ट में भी यही निष्कर्ष सामने आया कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से अमेरिकी सरकार की जांच में किसी अलौकिक तकनीक का प्रमाण नहीं मिला. अधिकांश घटनाओं को सामान्य वस्तुओं या प्राकृतिक घटनाओं की गलत पहचान बताया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag