अफगानिस्तान का दावा: पाकिस्तानी फाइटर जेट मार गिराया, पायलट हिरासत में

पूर्वी अफगानिस्तान के प्रमुख शहर जलालाबाद में शनिवार को एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। अफगान सेना और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विमान को मार गिराया गया और उसके पायलट को जीवित हिरासत में ले लिया गया।

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: पूर्वी अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर में शनिवार (28 फरवरी, 2026) को एक बड़ा सैन्य घटनाक्रम सामने आया. अफगान सेना और पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि शहर के छठे जिले में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया और उसके पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया. इस घटना ने पहले से तनावपूर्ण पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों को और अधिक संवेदनशील बना दिया है.

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, विमान गिरने से पहले आसमान में तेज रफ्तार जेट की आवाज सुनाई दी. इसके तुरंत बाद जोरदार विस्फोट हुए. प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि पायलट ने विमान से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई थी, लेकिन जमीन पर उतरते ही उसे अफगान सुरक्षा बलों ने हिरासत में ले लिया.

अफगान अधिकारियों का बयान

पुलिस प्रवक्ता तैयब हम्माद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, "जलालाबाद शहर के छठे जिले में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया और उसके पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया."

पूर्वी अफगानिस्तान में सेना के प्रवक्ता वाहिदुल्लाह मोहम्मदी ने भी कहा कि विमान को अफगान बलों ने निशाना बनाया था. उनके अनुसार, दुर्घटना के बाद पायलट को सुरक्षित रूप से हिरासत में ले लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने की पुष्टि

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने जलालाबाद के ऊपर एक जेट विमान की आवाज सुनी और इसके बाद हवाई अड्डे की दिशा से दो धमाकों की आवाज आई. घटनास्थल के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई और इलाके को सील कर दिया गया.

पाकिस्तान ने दावे को नकारा

हालांकि, पाकिस्तान ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है. इस्लामाबाद के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने एएफपी से कहा, "यह एक झूठा दावा है. बिल्कुल गलत है."

सीमा पर बढ़ती सैन्य गतिविधि

इस घटनाक्रम से एक दिन पहले, शुक्रवार (27 फरवरी) को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और दक्षिणी कंधार में हवाई हमले किए थे. कंधार में तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा का निवास स्थान बताया जाता है.

बताया गया कि गुरुवार (26 फरवरी) की देर रात अफगान बलों ने पाकिस्तान के खिलाफ सीमा पर आक्रामक कार्रवाई शुरू की थी. तालिबान सरकार ने इसे पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों के जवाब में उठाया गया कदम बताया.

लगातार हो रही सैन्य कार्रवाइयों और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag