बांग्लादेश में एयरफोर्स का F-7 ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश, स्कूल की बिल्डिंग पर गिरा...एक की मौत, कई घायल
ढाका के उत्तरा इलाके में बांग्लादेश वायुसेना का F-7 ट्रेनर विमान स्कूल पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत और कई घायल हुए हैं. स्कूल में मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई. घटना के कारणों की जांच जारी है, जबकि पायलट की स्थिति पर अभी स्पष्टता नहीं है.

बांग्लादेश वायु सेना का एक F-7 ट्रेनर जेट विमान सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे (भारतीय समय अनुसार 1:00 बजे) ढाका के उत्तरा इलाके के दियाबारी क्षेत्र में एक स्कूल परिसर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान माइलस्टोन कॉलेज के उत्तर कैंपस के अंदर स्थित एक स्कूल की इमारत पर गिरा, जिससे अचानक वहां भगदड़ मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बड़ी संख्या में छात्र स्कूल में मौजूद थे.
छात्रों में मची अफरा-तफरी
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि स्कूल परिसर में छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. गाड़ियों की आवाजें, लोगों की चीखें और जलते हुए मलबे का दृश्य पूरे क्षेत्र में दहशत फैलाने वाला था.
एक व्यक्ति की मौत, कई घायल
अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. हालांकि मृतक की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है.
बचाव कार्य में जुटी टीम
हादसे की जानकारी मिलते ही बांग्लादेश सेना और फायर सर्विस एवं सिविल डिफेंस की आठ यूनिट घटनास्थल पर पहुंच गई. एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 1:18 बजे विमान दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन यूनिट्स मौके पर काम में लग गईं और दो यूनिट्स को सड़क मार्ग पर तैनात रखा गया है ताकि किसी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
आसमान में उठता धुएं का गुबार
वायरल वीडियो और तस्वीरों में कॉलेज परिसर से उठता हुआ काले धुएं का गुबार स्पष्ट दिखाई दे रहा है. लोगों ने बताया कि विमान के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आग की लपटें और धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया.
पायलट की स्थिति पर सस्पेंस
हालांकि इस दुर्घटना में पायलट की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं. कुछ रिपोर्ट्स में पायलट के सुरक्षित निकलने की उम्मीद जताई गई है, जबकि कुछ में उनकी स्थिति को गंभीर बताया गया है.
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह F-7 विमान चीन में बना एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट है. अभी तक दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की जा सकी है, लेकिन बांग्लादेश वायु सेना और संबंधित जांच एजेंसियां इसकी गहन पड़ताल कर रही हैं.


