रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हुआ ड्रोन अटैक, ट्रंप ने ईरान को दी सख्त चेतावनी
रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला हुआ, जिससे मामूली आग और संपत्ति को नुकसान पहुंचा. किसी के घायल होने की खबर नहीं है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए जल्द जवाबी कार्रवाई का संकेत दिया है.

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक और बड़ी घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है. मंगलवार सुबह के समय सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला होने की खबर सामने आई. इस हमले के बाद न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है, बल्कि अमेरिका और ईरान के बीच टकराव भी और तेज हो गया है. ईरान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रियाद में स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर को निशाना बनाकर दो ड्रोन भेजे गए.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ड्रोन हमले के कारण दूतावास परिसर में आग लग गई और कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में बताया कि शुरुआती जांच में दो ड्रोन के हमले की पुष्टि हुई है. आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया और स्थिति पर काबू पा लिया गया.
المتحدث الرسمي لوزارة الدفاع: تعرّضت السفارة الأمريكية في الرياض لهجوم بمسيّرتين بحسب التقديرات الأولية، ونتج عن ذلك حريق محدود وأضرار مادية بسيطة في المبنى. pic.twitter.com/YuCukrePkH
— وزارة الدفاع (@modgovksa) March 3, 2026
अमेरिका की कड़ी प्रतिक्रिया
घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दुनिया जल्द ही देखेगी कि अमेरिका इस हमले का किस तरह जवाब देता है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मौजूदा तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य कर्मियों की मौत और दूतावास पर हमले को हल्के में नहीं लिया जाएगा.
लगातार बढ़ रहा है संघर्ष
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब खाड़ी क्षेत्र में पहले से ही मिसाइल और ड्रोन हमलों का सिलसिला जारी है. शनिवार से अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरानी ठिकानों पर कार्रवाई शुरू हुई थी, जिसके बाद ईरान ने जवाबी हमले तेज कर दिए. इन घटनाओं के बाद शत्रुता में तेज वृद्धि देखी जा रही है और लगातार चौथे दिन भी हमले जारी रहने की खबरें हैं.
अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी
हमले के तुरंत बाद रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की. रियाद, जेद्दा और धहरान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. साथ ही अगली सूचना तक दूतावास न आने का आग्रह भी किया गया है.
सऊदी अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि ड्रोन को रोका गया था या वे हवाई सुरक्षा घेरे को पार करने में कैसे सफल हुए. इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि भी अभी तक पूरी तरह नहीं हो पाई है. साथ ही, अमेरिकी दूतावास की ओर से भी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


