पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की हत्या? हजारों कार्यकर्ता आदियाला जेल पहुंचे

अफगानिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि इमरान खान की अदियाला जेल में हत्या कर दी गई है. इस दावे के बाद पाकिस्तान में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में रखा गया है, लेकिन इन दिनों उनके बारे में हत्या की अफवाहों ने पूरे पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया है. इमरान खान को सेना और सरकार द्वारा जेल में प्रताड़ित किए जाने के आरोप पहले से ही चर्चाओं में हैं, वहीं किसी को उनसे मिलने की अनुमति न दिए जाने से आशंकाएं और गहरी हो गई हैं. 

इमराम खान की बहनों संग धक्का-मुक्की

इसी बीच मंगलवार रात (25 नवंबर) जेल के बाहर उनकी तीनों बहनों नोरीन खान, अलीमा खान और उजमा खान को पुलिस ने जबरदस्ती हटाया और कथित रूप से उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट भी की. पीटीआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि किसी भी कीमत पर इमरान खान से मिलने दिया जाना चाहिए, जबकि शहबाज शरीफ़ सरकार उनकी मौत की खबरों को अफवाह बता रही है.

बुधवार को अफगानिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि इमरान खान की अदियाला जेल में हत्या कर दी गई है. इस दावे के बाद पाकिस्तान में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए. इमरान खान के समर्थक पूछ रहे हैं कि यदि वह सुरक्षित और जीवित हैं, तो उनकी मुलाक़ातें क्यों रोकी जा रही हैं. सोशल मीडिया पर भी सरकार के खिलाफ नाराज़गी लगातार बढ़ रही है.

रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के हजारों समर्थक जेल के बाहर जमा हो गए और अधिकारियों से अपने नेता की सेहत के बारे में स्पष्ट जानकारी की मांग करने लगे. संभावित भीड़ नियंत्रण और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जेल के बाहर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं. इमरान खान की बहनों और कई पीटीआई नेताओं ने जेल के पास फैक्ट्री नाका पर धरना दिया, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई.

पंजाब पुलिस पर बर्बरता का आरोप

इमरान खान की बहनों ने पंजाब पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया है. 71 वर्षीय नोरीन नियाज़ी ने पंजाब पुलिस प्रमुख उसमान अनवर को दी शिकायत में कहा कि पुलिसकर्मियों ने उनके बाल पकड़कर घसीटा और अचानक स्ट्रीटलाइटें बंद कर दीं ताकि अंधेरे में कार्रवाई आसान हो सके. परिवार का कहना है कि उन्हें एक साल से अधिक समय से इमरान खान से मिलने नहीं दिया गया है. उनकी आखिरी मुलाकात 30 अक्टूबर 2024 को हुई थी.

इतना ही नहीं, अक्टूबर 2024 के बाद से किसी समर्थक या पार्टी कार्यकर्ता को भी इमरान खान तक पहुंचने की अनुमति नहीं मिली है. इसी कारण उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर संदेह लगातार बढ़ रहे हैं और देश में अफवाहों का बाज़ार गर्म है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो