US Economy: ‘मुझे विरासत में आर्थिक कचरा मिला था’, व्हाइट हाउस से ट्रंप का बड़ा बयान , सियासत गरमाई

अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर राष्ट्रपति Donald Trump ने एक बार फिर तीखा और चर्चित बयान दिया है. बुधवार रात White House के ‘डिप्लोमैटिक रिसेप्शन रूम’ से देश को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 11 महीने पहले उन्हें "आर्थिक कचरा" विरासत में मिला था, जिसे वे अब साफ कर रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर राष्ट्रपति Donald Trump ने एक बार फिर तीखा और चर्चित बयान दिया है. बुधवार रात White House के ‘डिप्लोमैटिक रिसेप्शन रूम’ से देश को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 11 महीने पहले उन्हें "आर्थिक कचरा" विरासत में मिला था, जिसे वे अब साफ कर रहे हैं. क्रिसमस ट्री और जॉर्ज वॉशिंगटन की तस्वीर के बीच दिए गए इस संबोधन में ट्रंप ने जनता को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था मजबूती की राह पर लौट रही है.

'बाइडेन ने बिगाड़ा, मैं सुधार रहा हूं'

अपने भाषण में ट्रंप ने चार्ट्स के जरिए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और मौजूदा आर्थिक चुनौतियों के लिए सीधे तौर पर पूर्व राष्ट्रपति Joe Biden को जिम्मेदार ठहराया. ट्रंप ने कहा, "11 महीने पहले मुझे एक मेस मिला था—अब मैं उसे ठीक कर रहा हूं." उनका कहना था कि पिछली सरकार की नीतियों ने महंगाई और रोजगार पर नकारात्मक असर डाला, जिसे उनकी टीम धीरे-धीरे संतुलित कर रही है.

आंकड़ों की कसौटी पर दावे

भले ही ट्रंप इकोनॉमी को चमकता हुआ दिखा रहे हों लेकिन  सरकारी आंकड़े कुछ अलग ही तस्वीर पेश करते हैं. हाल के महीनों में महंगाई दबाव बना हुआ है. कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) अब 3% की दर से बढ़ रहा है, जो अप्रैल में 2.3% था. बेरोजगारी दर जनवरी के 4% से बढ़कर 4.6% हो चुकी है. रोजगार सृजन की रफ्तार भी धीमी रही। अप्रैल के बाद से हर महीने औसतन 17,000 नई नौकरियां ही जुड़ी हैं. ट्रंप द्वारा अप्रैल में लगाए गए आयात शुल्क (टैरिफ) के बाद कीमतों में बढ़ोतरी का असर उपभोक्ताओं पर पड़ा है, जिसे विपक्ष उनकी नीति की असफलता बता रहा है.

कुछ सकारात्मक संकेत भी

इन चुनौतियों के बीच ट्रंप ने अर्थव्यवस्था के उजले पहलुओं को भी रेखांकित किया. उन्होंने दावा किया कि शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तरों के आसपास है और ईंधन की कीमतों में गिरावट से आम लोगों को राहत मिली है. इसके साथ ही, ट्रंप ने भविष्य की तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि बड़ी टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारी निवेश कर रही हैं, जो उत्पादकता और विकास के नए अवसर खोल सकता है.

यह संबोधन ऐसे समय आया है जब हालिया चुनावों में ट्रंप की पार्टी को झटके लगे हैं और गठबंधन की मजबूती पर सवाल उठे हैं. विश्लेषकों के मुताबिक, व्हाइट हाउस से दिया गया यह संदेश 2026 के मिड-टर्म चुनावों से पहले जनमत साधने की कोशिश भी है. ट्रंप ने संकेत दिया कि वे आर्थिक मोर्चे पर निर्णायक कदम उठाकर भरोसा जीतना चाहते हैं.मगर क्या आंकड़े उनके दावों का साथ देंगे, यह आने वाले महीनों में साफ होगा.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag