इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, तेहरान में धमाकों से कांप उठा शहर
इजरायल ने ईरान पर आचानक हमला बोल दिया, जिसके बाद तेहरान में जोरदार धमाके गूंजे, खामेनेई को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया. इजरायल में सायरन बजे, उड़ानें रद्द, स्कूल बंद और तनाव चरम पर है.
Israel Nuclear Attack Iran: इजरायल ने ईरान पर 'प्रीवेंटीव अटैक' शुरू कर दिया है, जिसे वह 'एहतियाती सैन्य कार्रवाई' बता रहा है. रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने पूरे देश में 'विशेष और स्थायी आपातकाल' घोषित कर दिया है तथा नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है. तेहरान के मध्य इलाके में तीन जोरदार धमाकों की सूचना मिली है, जहां फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार रिपब्लिक इलाके में कई मिसाइलें गिरीं. ईरानी मीडिया ने सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने की पुष्टि की, लेकिन नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को तेहरान से एक 'सुरक्षित स्थान' पर ले जाया गया है, जैसा कि एक ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया. इजरायल में पूरे देशभर सायरन बजाए गए हैं, ताकि लोग मिसाइल हमलों की आशंका में सुरक्षित स्थानों के पास रहें. तेल अवीव और बेन गुरियन एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, स्कूल-कॉलेज बंद हैं तथा भीड़ जुटाने पर रोक लगा दी गई है. ईरानी सेना ने आईआरजीसी इंटेलिजेंस विभाग सहित कई ठिकानों को निशाना बनाए जाने की बात कही है, जबकि फिलहाल ईरान की ओर से कोई जवाबी मिसाइल हमला नहीं हुआ है. यह घटना क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा रही है.


