657 लोगों की मौत, 1000 से ज्यादा घायल... पाकिस्तान में कुदरत ने बरपाया कहर, बारिश-बाढ़ से तबाही
पाकिस्तान में जून के अंत से जारी भारी मानसून बारिश से अब तक 657 लोगों की मौत और 1000 से ज्यादा घायल हो चुके हैं, जबकि हालात लगातार बिगड़ रहे हैं.

Pakistan Flash Floods: पाकिस्तान में मानसून की बारिश लगातार कहर बरपा रही है. जून के आखिर से शुरू हुई बारिश ने अब तक 657 लोगों की जान ले ली है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं. नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं. NDMA के प्रवक्ता तैयब शाह के अनुसार, 22 अगस्त तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और सितंबर में भी दो से तीन बार जोरदार मानसून बारिश देखने को मिल सकती है. उन्होंने कहा कि इस साल बारिश का स्तर पिछले साल की तुलना में 60 फीसदी ज्यादा है और यही वजह है कि तबाही भी कई गुना ज्यादा हुई है.
सबसे ज्यादा मौतें खैबर पख्तूनख्वा में
NDMA की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक हुई 657 मौतों में 171 बच्चे, 94 महिलाएं और 392 पुरुष शामिल हैं. इनमें से सबसे ज्यादा मौतें खैबर पख्तूनख्वा (KPK) प्रांत में दर्ज की गईं. यहां 394 लोगों की जान गई है, जिनमें 59 बच्चे और 43 महिलाएं शामिल हैं. खैबर पख्तूनख्वा में मकान गिरने और बादल फटने जैसी घटनाओं ने हालात और गंभीर बना दिए हैं.
पंजाब, सिंध और बलूचिस्तान में भी हाहाकार
बारिश से पंजाब में 164 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सिंध में 28 और बलूचिस्तान में 20 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी हालात बेहद खराब हैं, जहां अब तक 32 लोगों की मौत हुई है.
लापता लोगों का बढ़ता खतरा
खैबर पख्तूनख्वा के बुनेर और शांगला जिलों में लगभग 150 लोग लापता बताए जा रहे हैं. आशंका है कि इनमें से ज्यादातर लोग अब जिंदा नहीं हैं. अकेले बुनेर जिले में 84 लोग मारे गए हैं, जिनमें से 21 एक ही परिवार के थे. ये सभी शादी समारोह की तैयारियों में जुटे थे, तभी बादल फटने से मौत के शिकार हो गए.
प्रवक्ता तैयब शाह का बयान
NDMA के प्रवक्ता तैयब शाह ने कहा कि इस साल मानसून की बारिश इतनी ज्यादा है कि बीते कई सालों के मुकाबले सबसे ज्यादा तबाही हुई है. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी हालात बिगड़ सकते हैं और लोगों को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए.


