ईरान पर हमले के बाद नेतन्याहू का बड़ा बयान, 'ये जंग नहीं, इजरायल के अस्तित्व की लड़ाई है'

ईरान पर हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस कार्रवाई को जरूरी और उचित ठहराया. उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन ईरान के मौजूदा शासन से उत्पन्न खतरों को खत्म करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. शनिवार सुबह इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई अहम ठिकानों पर मिसाइल हमले किए. इस सैन्य कार्रवाई को अमेरिका का खुला समर्थन मिला, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर हो गए हैं. हमले के तुरंत बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस कार्रवाई को जरूरी और उचित ठहराया. 

नेतन्याहू की अपील 

उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन ईरान के मौजूदा शासन से उत्पन्न खतरों को खत्म करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है. साथ ही उन्होंने ईरान की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब वे अपने भविष्य का फैसला खुद करें और दमनकारी शासन के खिलाफ खड़े हों.

नेतन्याहू ने अपने बयान में स्पष्ट रूप से कहा कि ईरान का मौजूदा शासन इजरायल के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन चुका है. उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. उनके अनुसार, दोनों देशों ने मिलकर इस संयुक्त सैन्य अभियान की शुरुआत की है ताकि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जा सके. उन्होंने इजरायल के नागरिकों से एकजुट रहने और इस कठिन समय में सरकार का समर्थन करने की अपील भी की.

नेतन्याहू का ईरान के आम लोगों को संदेश 

अपने संबोधन में नेतन्याहू ने खास तौर पर ईरान के आम लोगों को संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यह समय ईरानी जनता के लिए अपने अधिकारों के लिए खड़े होने और एक नए भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का है. उन्होंने ईरान के विभिन्न समुदायों फारसी, कुर्द, अजरबैजानी, बलूच और अहवाजी का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को मिलकर अत्याचार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और एक स्वतंत्र और शांतिपूर्ण राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए.

ट्रंप ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी कर इस सैन्य अभियान की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम और उसकी मिसाइल क्षमताएं अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए खतरा हैं. ट्रंप ने दावा किया कि यह अभियान लंबा चल सकता है और इसका उद्देश्य ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर करना है. उन्होंने ईरान की जनता से अपील की कि वे अपने देश के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सही निर्णय लें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag