हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स से इस्तीफा देंगे पीटर मेंडलसन, एप्सटीन कनेक्शन से विवादों में घिरे
जेफरी एपस्टीन से कथित संबंधों को लेकर ब्रिटेन में नया राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है. लेबर पार्टी के सीनियर नेता और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड पीटर मैंडेलसन पर संवेदनशील सरकारी दस्तावेज़ भेजने और उनसे जुड़े बैंक खातों से बड़े फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन करने का आरोप है.

नई दिल्ली: जेफ्री एपस्टीन से कथित संबंधों को लेकर ब्रिटेन की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है. लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य पीटर मैंडेलसन पर गंभीर आरोप सामने आने के बाद वह उच्च सदन से इस्तीफा देने जा रहे हैं. आरोप है कि उन्होंने संवेदनशील सरकारी दस्तावेज एपस्टीन को भेजे और उनसे जुड़े बैंक खातों में बड़ी रकम का लेन-देन हुआ.
यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी की गई एपस्टीन फाइल्स ने कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को कटघरे में खड़ा कर दिया है. इन्हीं खुलासों के बीच ब्रिटिश सरकार ने भी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए हैं, जिससे अब संभावित पुलिस जांच की आशंका गहरा गई है.
हाउस ऑफ लॉर्ड्स से इस्तीफा देंगे पीटर मैंडेलसन
हाउस ऑफ लॉर्ड्स के स्पीकर माइकल फोर्सिथ ने बताया कि पीटर मैंडेलसन बुधवार को ब्रिटेन की संसद के उच्च सदन से सेवानिवृत्त हो जाएंगे. यह घोषणा ऐसे वक्त आई है जब ब्रिटिश सरकार उन्हें हाउस ऑफ लॉर्ड्स से बाहर करने और आजीवन सदस्यता के साथ मिले 'लॉर्ड मैंडेलसन' के खिताब को छीनने के लिए कानून लाने की तैयारी कर रही थी.
एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे
ब्रिटिश सरकार ने जानकारी दी है कि उसने जेफ्री एपस्टीन से संबंधित एक फाइल पुलिस को सौंपी है. इन दस्तावेजों में आरोप लगाया गया है कि पीटर मैंडेलसन ने एपस्टीन को संवेदनशील सरकारी जानकारी दी थी.
प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कैबिनेट को बताया कि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी नए दस्तावेजों में सामने आए खुलासों से वह "हैरान और आहत" हैं और आशंका है कि आने वाले समय में और जानकारियां सामने आ सकती हैं.
30 लाख पन्नों के दस्तावेज, रिश्तों का पूरा ब्योरा
अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी 30 लाख से अधिक पन्नों के दस्तावेजों में 72 वर्षीय पीटर मैंडेलसन और जेफ्री एपस्टीन के संपर्कों का विस्तृत विवरण दर्ज है. इन्हीं दस्तावेजों ने ब्रिटेन में राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है.
UK सरकार में कई अहम पद संभाल चुके हैं मैंडेलसन
पीटर मैंडेलसन लेबर पार्टी की सरकारों में कई वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं. हालांकि, उनके एपस्टीन से पुराने संबंध सामने आने के बाद प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने उन्हें पिछले साल सितंबर में अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत पद से हटा दिया था.
एपस्टीन फाइल्स से जुड़े नए दस्तावेजों में एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें मैंडेलसन एक महिला के साथ केवल अंडरवियर और टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं, जबकि महिला बाथरोब पहने हुए है.
एपस्टीन ने खातों में भेजे थे 75,000 डॉलर
दस्तावेजों के अनुसार, 2003-2004 के दौरान जेफ्री एपस्टीन ने पीटर मैंडेलसन या उनके पार्टनर रेनाल्डो अविला दा सिल्वा से जुड़े खातों में कुल 75,000 डॉलर के तीन भुगतान किए थे.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मैंडेलसन ने कहा कि उन्हें इन पैसों के बारे में कुछ याद नहीं है और वह दस्तावेजों की सत्यता की जांच करेंगे. इससे पहले, 1 फरवरी को उन्होंने लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था.
नए खुलासों में यह भी सामने आया है कि 2009 में एपस्टीन ने दा सिल्वा को ऑस्टियोपैथी कोर्स के लिए 10,000 पाउंड भेजे थे.
संवेदनशील सरकारी रिपोर्ट्स एपस्टीन को भेजने का आरोप
दस्तावेजों में दावा किया गया है कि उसी साल पीटर मैंडेलसन ने एपस्टीन को बैंकर्स बोनस पर टैक्स कम करने की लॉबिंग से जुड़े कागजात और 2008 के वित्तीय संकट के बाद सरकारी संपत्तियों की बिक्री पर एक आंतरिक रिपोर्ट भेजी थी.
मई 2010 में उन्होंने एपस्टीन को मैसेज किया था कि “सूत्रों के अनुसार 500 अरब यूरो का बेलआउट लगभग पूरा हो गया है”. यह संदेश यूरोपीय सरकारों की ओर से आधिकारिक घोषणा से कुछ घंटे पहले भेजा गया था.
'निर्णय लेने में गलती', लेकिन आलोचना तेज
पीटर मैंडेलसन ने इन कदमों को "निर्णय लेने में गलती" बताया है. वहीं, ब्रिटेन की स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने इसे पीड़ितों और दो प्रधानमंत्रियों गॉर्डन ब्राउन और कीर स्टार्मर के साथ "विश्वासघात" करार दिया है.


