फिर से पर्दे पर लौट रही ‘देवदास’, इमोशनल होकर दिल की बात बोल गए शाहरुख खान

सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘देवदास’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है. ये फिल्म 6 फरवरी को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की आइकॉनिक फिल्म ‘देवदास’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है. संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी यह क्लासिक रोमांटिक ड्रामा 6 फरवरी को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म की री-रिलीज की खबर के साथ ही शाहरुख खान के वे पुराने बयान भी चर्चा में हैं, जो उन्होंने साल 2024 में 77वें लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल के दौरान ‘देवदास’ को लेकर दिए थे.

देवदास को लेकर शाहरुख क्या बोले? 

शाहरुख खान ने उस बातचीत में बताया था कि साल 2002 में देवदास का किरदार निभाना उनके करियर के सबसे कठिन अनुभवों में से एक रहा. यह रोल न सिर्फ भावनात्मक रूप से बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से भी उन्हें थका देने वाला लगा. उन्होंने कहा था कि वह देवदास को किसी ऐसे किरदार की तरह पेश नहीं करना चाहते थे, जिससे दर्शक सिर्फ सहानुभूति महसूस करें. शाहरुख के मुताबिक, उनका मकसद था एक ऐसा जटिल इंसान दिखाना जिसे न पूरी तरह पसंद किया जा सके और न ही पूरी तरह नफरत की जा सके.

अपने किरदार की परतों पर बात करते हुए शाहरुख ने कहा था कि देवदास उनके लिए एक ऐसा व्यक्ति था जिसके पास प्यार न कर पाने की अपनी मजबूरियां और कारण थे. वह नहीं चाहते थे कि दर्शक उसे सिर्फ एक शराबी प्रेमी के तौर पर देखें. इसी गहराई को पर्दे पर उतारने के लिए वह शूटिंग के दौरान काफी तनाव और बेचैनी में रहते थे.

शाहरुख ने यह भी स्वीकार किया था कि किरदार में पूरी तरह डूबने के चक्कर में उन्होंने उस दौर में शराब पीना शुरू कर दिया था. मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा था कि शायद इसी वजह से उन्हें बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि फिल्म खत्म होने के बाद शराब की आदत लग जाना उनके लिए इस किरदार का सबसे नकारात्मक असर रहा.

भावुक हुए शाहरुख खान 

इस फिल्म को चुनने के पीछे की वजह बताते हुए शाहरुख भावुक हो गए थे. उन्होंने कहा था कि उनके मन में हमेशा यह ख्याल रहता है कि अगर वह बड़ी और यादगार फिल्में करेंगे, तो उनके माता-पिता उन्हें कहीं न कहीं से देख रहे होंगे. शाहरुख ने माना कि उन्हें लगा था ‘देवदास’ उनकी मां को बेहद पसंद आती. दिलचस्प बात यह है कि कई सीनियर एक्टर्स ने उन्हें यह रोल करने से मना किया था, क्योंकि इससे पहले दिलीप कुमार, केएल सहगल और उत्तम कुमार जैसे दिग्गज इस किरदार को अमर कर चुके थे.

शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन, माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ और किरण खेर ने भी यादगार अभिनय किया. शाहरुख का मानना है कि भले ही उनका अभिनय पुराने दिग्गजों जैसा न हो, लेकिन उन्होंने यह फिल्म पूरी ईमानदारी और भंसाली के विजन के प्रति सम्मान के साथ की. अब 6 फरवरी 2026 को ‘देवदास’ एक बार फिर दर्शकों को उसी दर्द, प्रेम और भव्यता की दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag