शांति वार्ता से ठीक पहले मिसाइलों की बरसात! रूस ने '-20°C में कांप' रहे यूक्रेन पर रातभर किया हमला
रूस ने कड़ाके की ठंड के बीच यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर रिकॉर्ड मिसाइल हमले किए, जिससे कीव में हजारों घरों की बिजली ठप हो गई. हमले वार्ता से पहले हुए. जेलेंस्की ने रूस पर कूटनीति छोड़ आतंक का रास्ता अपनाने का आरोप लगाया.

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को शुरू हुए लगभग 4 साल हो चुके हैं, लेकिन अभी भी दोनों देशों के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. वहीं, शांति की कोशिशों के बीच रूस द्वारा किए गए एक कथित हमले ने स्थिती को और अधिक गंभीर बना दिया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोडिमिर जेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाते हुए रिकॉर्ड संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलें दागी.
यूक्रेन की एक प्राइवेट ऊर्जा कंपनी डीटीईके के अनुसार, रूस ने मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए कीव समेत कई स्थानों पर पावर प्लांट और जरूरी सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया. कंपनी का कहना है कि ये इस साल का अब तक का सबसे शक्तिशाली हमला है.
कड़ाके की सर्दी में बढ़ी मुश्किलें
रूस द्वारा ये हमला ऐसे समय में किया गया जब यूक्रेन में तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. फरवरी 2022 में इस युद्ध के शुरू होने के बाद तापमान सबसे निचले स्तर पर गिर गया है. यूक्रेन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हमले से राजधानी कीव में 1,000 से ज्यादा रिहायशी टॉवर ब्लॉक फिर एक बार अंधेरे में डूब गई हैं. इस कारण हीटर बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
जेलेंस्की का कड़ा बयान
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस शांति वार्ता के बजाए आतंकवाद और हमले तेज को चुन रहा है. इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन के सहयोगियों देशों से मास्को पर "अधिकतम दबाव" बनाने की अपील की है. AFP की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात हुए इस हमले में यूक्रेन के दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया में दो किशोंरो की जान चली गई. इसके साथ ही सोवियत काल के द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक को भी नुकसान पहुंचा है.
वार्ता से ठीक पहले हमला
बता दें कि यूक्रेनी और रूसी के प्रतिनिधि अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में दूसरे दौर की बातचीत के लिए मिलने वाले हैं. ऐसे में मुलाकात से ठीक एक दिन पहले रूस द्वारा ये हमला किया गया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि "रूस के लिए लोगों को आतंकित करने के लिए सर्दियों के सबसे ठंडे दिनों का फायदा उठाना कूटनीति की ओर मुड़ने से अधिक महत्वपूर्ण है."
उन्होंने यह भी कहा कि रूस ने एक बार फिर अमेरिकी पक्ष की शांति प्रयासों की अवहेलना की है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन से युद्ध खत्म करने की अपील की है. ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ठंडे तापमान के कारण रूस हमलों को कुछ समय के लिए रोक सकता है.


