ऑनलाइन गेमिंग पर पाबंदी से परेशान तीन बहनें, 9वीं मंजिल से लगाई छलांग

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर अपने परिवार द्वारा ऑनलाइन गेम खेलने से मना करने के बाद आत्महत्या कर ली.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

गाजियाबाद में तीन सगी नाबालिग बहनों ने एक साथ 9वीं मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी. यह दर्दनाक घटना देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है. हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए.

टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं तीनों 

जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी में अपने परिवार के साथ रहती थीं. मृतक बहनों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है. तीनों ही नाबालिग थीं और एक ही परिवार से ताल्लुक रखती थीं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप से जुड़ी हुई थीं और नियमित रूप से एक टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं. हालांकि, इसी वजह से उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया या इसके पीछे कोई और कारण था. इस पर अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस को मौके से एक पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सिर्फ 'मम्मी-पापा सॉरी' लिखा हुआ है. यह नोट मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के सन्नाटे में अचानक किसी भारी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर जब लोग बाहर निकले तो नजारा बेहद भयावह था. तीनों बहनों के शव नीचे पड़े थे और चारों ओर खून फैला हुआ था. यह दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई. कुछ ही देर में परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था.

पुलिस का क्या कहना है? 

पुलिस का कहना है कि परिजनों से गहन पूछताछ की जा रही है और तीनों बहनों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag