BLA के ‘ऑपरेशन हेरोफ’ से डरा चीन... बलूचिस्तान में रोका अपना काम, पाक के सामने रखी बड़ी मांग
बलूचिस्तान में BLA के हमलों से हिंसा तेज हो गई है, जिसमें सैकड़ों मौतों का दावा है. हालात बिगड़ने पर चीन ने अपने कर्मचारियों को हटाकर प्रोजेक्ट अस्थायी रूप से रोक दिए और पाकिस्तान से पक्की सुरक्षा गारंटी मांगी है.

इस्लामाबाद: बलूचिस्तान प्रांत में हो रही हिंसा ने पाकिस्तान के साथ-साथ चीन की चिंता को भी बढ़ा दिया है. विद्रोही संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 31 जनवरी से ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत पाकिस्तानी सेना के कैंपों और सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हिंसा में अब तक 300 से 400 मौतों का दावा किया गया है. हालांकि इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
वहीं, इस हिंसा से चीन की चिंताएं भी बढ़ गई है. बता दें कि बलूचिस्तान में चीन ने कई बड़े प्रोजेक्ट में निवेश कर रखा है, खासकर ग्वादर पोर्ट का काम जारी है. इस क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में चीनी इंजीनियर और कर्मचारी काम कर रहे हैं. हिंसा के बाद चीन को डर सता रहा है कि उसके कर्मचारियों को निशाना ना बनाया जाए. ऐसे में चीन ने पाकिस्तान से उनकी सुरक्षा गारंटी की मांग रखी है.
चीन की बढ़ी चिंता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने पाकिस्तान में अपने कर्मचारियों और परियोजनाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. मौजूदा स्थिती को देखते हुए चीन ने ग्वादर और बलूचिस्तान के कई हिस्सों में अपने जमीनी ऑपरेशंस को फिलहाल अस्थाया रूप से रोक दिया है. कई जगाहों से चीन ने अपने ऑन-ग्राउंड स्टाफ को हटा भी लिया है.
ग्वादर में तैनात तकनीशियनों और इंजीनियरों को विशेष उड़ानों के जरिए वहां से निकालाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है. चीनी टीमों को फिलहाल इस्लामाबाद या दूसके सुरक्षित शहरों में भेजा गया है. चीन का कहना है कि जब तक चीनी कर्मचारियों के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक परियोजनाओं पर काम शुरू करना मुश्किल है.
राजनयिक स्तर पर बातचीत
पाकिस्तान में चीन के राजदूत जियांग जैडोंग ने इस मुद्दे को लेकर इस्लामाबाद में विदेश मंत्री इशाक डार के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं तो दोबारा शुरू करने के लिए सुरक्षा के लिए ठोस इंतजामों की जरूरत पर जोर दिया. वहीं, इशाक डार ने चीनी कर्मियों और प्रोजेक्ट की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान सरकार की ओर से सुरक्षा का भरोसा दिया है. हालांकि चीन अभी काम वापस शुरू करने के लिए हालात को पूरी तरह सुरक्षित नहीं मान रहा है.
BLA का ‘ऑपरेशन हेरोफ- 2’
BLA ने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा करते हुए शनिवार को बलूचिस्तान के कई शहरों पर एक साथ हमला किया. इस दौरान पुलिस और आर्मी के ठिकानों के साथ-साथ नागरिकों को भी निशाना बनाया गया. इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों द्वारा विद्रोहियों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया. सेना का दावा है कि उसने कई विद्रोहियों को मार गिराया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है.


