शबाना महमूद बन सकती हैं ब्रिटेन की पहली मुस्लिम पीएम, एपस्टीन फाइलों और मेंडेलसन नियुक्ति विवाद से लेबर पार्टी में हड़कंप
ब्रिटेन में कीर स्टारमर का प्रधानमंत्री पद संकट में है. एपस्टीन फाइलों और मेंडेलसन नियुक्ति विवाद से लेबर पार्टी में हड़कंप मच गया है. चीफ ऑफ स्टाफ के इस्तीफे के बाद स्टारमर का भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है. गृह सचिव शबाना महमूद पीएम पद की मजबूत दावेदार बनकर उभरी हैं. वह पहली मुस्लिम पीएम बन सकती हैं.

नई दिल्लीः लंदन की राजनीति में हलचल मची हुई है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का कार्यकाल अब खतरे में लग रहा है. जेफरी एपस्टीन फाइलों के नए खुलासों और पीटर मेंडेलसन की अमेरिका में राजदूत नियुक्ति से जुड़े विवाद ने लेबर पार्टी को हिला दिया है. स्टारमर के करीबी सहयोगी और चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी ने इस्तीफा दे दिया, जिससे पीएम की स्थिति और कमजोर हो गई है.
कई लेबर सांसदों का मानना है कि स्टारमर का भविष्य 50-50 है और वे एक हफ्ते भी टिक पाएंगे या नहीं, यह संदिग्ध है. इस संकट के बीच वेस्टमिंस्टर में चर्चा का केंद्र बन गई हैं गृह सचिव शबाना महमूद. 45 साल की शबाना को लेबर पार्टी का अगला नेता बनने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. अगर वे सफल हुईं, तो ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बनेंगी.
कौन हैं शबाना महमूद?
शबाना महमूद बर्मिंघम में पैदा हुईं. उनके माता-पिता पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मीरपुर से हैं. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली और बैरिस्टर बनीं. 2010 में वे बर्मिंघम लेडीवुड से सांसद चुनी गईं और रुशना अली, यास्मीन कुरैशी के साथ ब्रिटेन की पहली महिला मुस्लिम सांसदों में शामिल हुईं. वे लेबर पार्टी के दक्षिणपंथी धड़े की महत्वाकांक्षी नेता हैं. स्टारमर की करीबी सहयोगी के रूप में जानी जाती हैं. 2025 में गृह सचिव बनीं और ब्रिटेन की सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली.
आव्रजन पर सख्त रुख
शबाना का आव्रजन नीति पर रुख काफी कठोर है. उन्होंने हाल ही में प्रस्ताव दिया कि ज्यादातर प्रवासी श्रमिकों को स्थायी निवास (इंडेफिनिट लीव टू रिमेन) के लिए 5 साल की बजाय 10 साल इंतजार करना होगा. उनका कहना है कि "स्थायी निवास अधिकार नहीं, विशेषाधिकार है" और इसे कमाईना होगा. यह सुधार "अभूतपूर्व" प्रवास को नियंत्रित करने के लिए है. हालांकि, पार्टी के अंदर ही विरोध है. करीब 40 लेबर सांसदों ने इसे "गैर-ब्रिटिश" और नियम बदलने वाला बताया. आलोचक कहते हैं कि इससे स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में कौशल की कमी और बढ़ सकती है.
एपस्टीन फाइलों से स्टारमर का संकट
संकट की जड़ एपस्टीन फाइलों में है. नए दस्तावेजों से पता चला कि पीटर मेंडेलसन (पूर्व लेबर नेता) ने एपस्टीन से संबंध बनाए रखे और संवेदनशील जानकारी साझा की. स्टारमर ने उन्हें अमेरिका राजदूत बनाया, भले ही एपस्टीन के साथ उनके पुराने रिश्ते की जानकारी थी. स्टारमर ने माफी मांगी और कहा कि मेंडेलसन ने झूठ बोला. मेंडेलसन को हटाया गया, लेकिन पार्टी में गुस्सा है. कई सांसद स्टारमर से इस्तीफा मांग रहे हैं.
अन्य दावेदार कौन?
शबाना के अलावा एंजेला रेनर (पूर्व डिप्टी पीएम), वेस स्ट्रीटिंग (स्वास्थ्य सचिव), एड मिलिबैंड और एंडी बर्नहैम जैसे नाम चर्चा में हैं. रेनर वामपंथियों की पसंद हैं, लेकिन टैक्स जांच से प्रभावित. बर्नहैम लोकप्रिय हैं, लेकिन संसद सीट नहीं है.
शबाना की संभावना
बुकमेकर्स के मुताबिक शबाना की जीत की संभावना 9/1 (करीब 10%) है. उनकी सख्त छवि दक्षिणपंथी मतदाताओं को लुभा सकती है, जो निगेल फराज की ओर जा सकते हैं. मुस्लिम समुदाय और फिलिस्तीन समर्थकों तक पहुंच भी उनका प्लस पॉइंट है. नेतृत्व चुनौती के लिए 81 सांसदों (20%) का समर्थन चाहिए. अगर स्टारमर गिरे, तो शबाना का ऐतिहासिक कदम ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है.


