चिली में लिक्विड गैस ले जा रहा टैंकर पलटा, 4 की मौत, 17 घायल, देखें VIDEO
चिली की राजधानी सैंटियागो में एक लिक्विड गैस टैंकर ट्रक ने अचानक कंट्रोल खो दिया, पलट गया और फिर भयानक विस्फोट हो गया. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई ट्रक ड्राइवर सहित, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से झुलस गए और घायल हैं.

चिली की राजधानी सैंटियागो में एक भयानक हादसा ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. 19 फरवरी को लिक्विड गैस से लदा एक टैंकर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और इसके बाद हुआ भीषण विस्फोट ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना इतनी भयावह थी कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कैसे पलक झपकते ही सड़क पर घना सफेद बादल छा गया और दर्जनों वाहन उसकी चपेट में आ गए.
हादसा कब और कहां हुआ?
यह हादसा सैंटियागो के उत्तरी इलाके रेंका में एक प्रमुख हाईवे पर हुआ, जहां ट्रक ओवरपास के नीचे से गुजर रहा था. टैंकर के पलटने के बाद लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस का रिसाव हुआ, जिसने हवा में मिलकर एक विशाल वाष्प बादल बनाया और फिर आग पकड़कर विस्फोट में बदल गया. इस घटना ने न केवल जान-माल का भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि इलाके में अफरा-तफरी मचा दी.
विस्फोट का खौफनाक मंजर और सफेद धुएं का गुबार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रक पलटते ही अत्यधिक ठंडी गैस का रिसाव शुरू हुआ. यह अल्ट्रा-कोल्ड गैस हवा से मिलकर कंडेंस्ड वाटर वेपर के साथ प्रतिक्रिया कर एक घना सफेद वाष्प बादल बना लिया. यह बादल इतनी तेजी से फैला कि सड़क पर चल रहे ट्रैफिक को पूरी तरह निगल गया. विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि इसका असर 150 से 200 मीटर के दायरे तक महसूस हुआ. कम से कम 50 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें कारें और मोटरसाइकिलें शामिल हैं. धमाके के बाद चीख-पुकार मच गई और बचाव दल पहुंचने तक चारों ओर तबाही का नजारा था.
यहां देखे वीडियों
चिली में भयंकर सड़क हादसा, चार की मौत
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) February 21, 2026
चिली के सैंटियागो में लिक्विड गैस ले जा रहा ट्रक पलट गया और उसमें धमाका हो गया। लोकल पुलिस चीफ के मुताबिक, ड्राइवर का कंट्रोल खो गया और गाड़ी क्रैश हो गई, जिससे धमाका हुआ। हादसे के बाद सड़क पर सफेद धुएं का घना बादल छाता हुआ दिख रहा है।… pic.twitter.com/rEXqaYTBRP
हादसे में मौतें और घायलों की हालत
अधिकारियों के अनुसार, इस भयानक विस्फोट में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें ट्रक ड्राइवर भी शामिल है. 17 घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. अधिकांश घायल जलने और धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहे हैं. राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने घटना के बाद धुएं से लोगों की सुरक्षा के लिए सरकारी टीमों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं.
हादसे का कारण और जांच की शुरुआत
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों से पता चला है कि ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह ओवरपास के सपोर्ट पिलर्स से टकराकर पलट गया. यह ट्रक स्थानीय गैस कंपनी गास्को से जुड़ा हुआ था. पुलिस प्रमुख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से ही यह डरावना हादसा हुआ. मामले की गंभीरता को देखते हुए सार्वजनिक अभियोजक के कार्यालय ने दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है. जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या टैंकर में कोई तकनीकी खराबी थी या यह पूरी तरह मानवीय चूक का नतीजा था.


