ब्राउन राइस vs सफेद राइस: वजन घटाने के लिए कौनसा है बेस्ट, जिससे पेट पतला और सेहत रहेगी दुरुस्त?
भारतीय थाली में चावल के बिना स्वाद अधूरा लगता है. ज्यादातर लोग व्हाइट राइस को तरजीह देते हैं, लेकिन वजन घटाने की जंग में ब्राउन राइस को अधिक असरदार माना जाात है. क्योंकि इसमें भरपूर फाइबर होता है, जो पेट लंबे समय तक भरा रखता है, ब्लड शुगर कंट्रोल करता है और ओवरईटिंग रोकता है. तो वेट लॉस के लिए ब्राउन राइस चुनें और हेल्दी रहें.

चावल भारतीय खाने का अहम हिस्सा माना जाता है. दाल, सब्जी या दही के साथ चावल हर घर में नियमित रूप से खाया जाता है. भारत में चावल की कई किस्में उपलब्ध हैं, लेकिन इन्हें मुख्य रूप से सफेद चावल और ब्राउन चावल के रूप में दो भागों में बांटा जाता है. कुछ लोगों का मानना है कि वजन घटाने के लिए ब्राउन राइस बेहतर विकल्प है, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि सफेद चावल आसानी से पच जाता है और सही मात्रा में खाया जाए तो यह नुकसान नहीं पहुंचाता. तो चलिए जानते है कि वजन कम करने के लिए कौन सा चावल ज्यादा फायदेमंद है और इसके पीछे क्या कारण हैं.
ब्राउन राइस और सफेद चावल में क्या अंतर है?
ब्राउन राइस साबुत अनाज की श्रेणी में आता है. इसमें ब्रान की ऊपरी परत और जर्म दोनों बरकरार रहते हैं, जो फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर होते हैं. वहीं सफेद चावल को प्रोसेसिंग से गुजरना पड़ता है, जिसमें इसका कामयाब परतें हटा दी जाती हैं. नतीजतन चावल ज्यादा नरम हो जाता है और लंबे समय तक खराब नहीं होता, लेकिन इसमें फाइबर और कुछ जरूरी पोषक तत्व काफी कम हो जाते हैं.
कैलोरी के मामले में
अक्सर लोग सोचते हैं कि ब्राउन राइस में कैलोरी बहुत कम होती है, लेकिन हकीकत यह है कि एक कटोरी पके हुए ब्राउन राइस और सफेद चावल में कैलोरी की मात्रा लगभग बराबर होती है. असली फर्क सिर्फ फाइबर की मात्रा में है. ब्राउन राइस में फाइबर ज्यादा होने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती.
वजन घटाने में ब्राउन राइस कैसे मदद कर सकता है?
ब्राउन राइस वजन कम करने में कई तरीकों से सहायक साबित हो सकता है. इसमें फाइबर की उच्च मात्रा के कारण पेट देर तक संतुष्ट रहता है और अनावश्यक भूख पर काबू रहता है. यह धीरे-धीरे पचता है, जिससे भूख पर अच्छा नियंत्रण बना रहता है. इसके अलावा ब्राउन राइस ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करता है. जब ब्लड शुगर अचानक बढ़कर तेजी से गिरता है तो जल्दी भूख लगने लगती है, लेकिन ब्राउन राइस स्थिर ऊर्जा देता है, जिससे अचानक क्रेविंग्स और भूख कम हो सकती है. हालांकि ध्यान रखें, सिर्फ ब्राउन राइस खाने से वजन कम नहीं होता. इसके साथ संतुलित डाइट और नियमित एक्सरसाइज भी जरूरी माना जाता है.
सफेद चावल हमेशा खराब नहीं होता
सफेद चावल को अक्सर वजन बढ़ाने का कारण मान लिया जाता है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है. सफेद चावल जल्दी पचता है और शरीर को तुरंत एनर्जी देता है. कई एशियाई देशों में लोग रोजाना सफेद चावल खाते हैं और फिर भी फिट रहते हैं. वजह है सही मात्रा और सही लाईफस्टाईल. अगर आप सफेद चावल को सीमित मात्रा में, सब्जी, दाल और प्रोटीन के साथ खाते हैं तो इसे वजन घटाने की डाइट में भी शामिल किया जा सकता है.
फिर क्या खाना ज्यादा बेहतर है?
अगर आप तेजी से वजन कम करना चाहते हैं तो ब्राउन राइस आपके लिए ज्यादा बेहतर ऑप्शन है क्योंकि इसमें फाइबर ज्यादा होता है. हालांकि सफेद चावल को भी सीमित मात्रा में स्वस्थ जीवनशैली, भरपूर सब्जी और प्रोटीन के साथ खाया जा सकता है. ऐसे में बेहतर होगा कि आप बदल-बदलकर दोनों को अपनी डाइट में शामिल करें. सिर्फ सफेद चावल छोड़कर ब्राउन राइस खाने से ही वजन कम हो जाएगा, ऐसा जरूरी नहीं है. असली फर्क आपकी रोज की आदतों और जीवनशैली से पड़ता है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पर किए गए दावों पर आधारित है. JBT किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है. अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या न्यूटिशनिस्ट की सलाह लेना न भूलें.


