पाकिस्तान में आतंकियों ने हाईजैक की पूरी ट्रेन, 450 यात्री थे सवार, 6 सैनिकों की हत्या

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मंगलवार को आतंकवादियों ने जाफर एक्सप्रेस पर हमला करके पूरी ट्रेन को हाईजैक कर लिया है. इस ट्रेन में 450 से अधिक यात्री सवार थे. भारी संख्या में यात्रियों बंधक बनाया गया है. गोलीबारी में 6 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है. बलूच आर्मी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

Kamal Kumar Mishra

Terrorists Hijacked Train in Pakistan: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान के बोलन में जाफ़र एक्सप्रेस में सवार सभी यात्रियों को बंधक बनाने का दावा किया है. बलूचिस्तान के क्वेटा से पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन पर बीएलए ने भारी गोलीबारी की. बताया जा रहा है कि ट्रेन में 400 से ज़्यादा यात्री सवार थे. पाकिस्तानी सुरक्षा बल इलाके की ओर बढ़ रहे हैं.  बीएलए ने अपने बयान में मश्कफ, धादर और बोलन में अभियान को "एक सावधानीपूर्वक योजनाबद्ध अभियान" बताया.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में एक यात्री ट्रेन पर गोलीबारी की, जिससे ट्रेन चालक घायल हो गया और यात्रियों में दहशत फैल गई. ट्रेन पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी. अधिकारियों ने अभी तक इस बात का ब्यौरा नहीं दिया है कि कितना नुकसान हुआ है या यात्रियों के घायल होने की कोई सूचना है या नहीं. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) जो पाकिस्तान का एक उग्रवादी अलगाववादी समूह है. उसने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. एक बयान में बीएलए ने यह भी दावा किया कि उसने ट्रेन से सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोगों को बंधक बना लिया है.

बलूच आर्मी की धमकी

समूह ने कहा, "हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने रेलवे ट्रैक उड़ा दिया, जिससे जाफर एक्सप्रेस को रुकना पड़ा. सेनानियों ने तेजी से ट्रेन पर नियंत्रण कर लिया और सभी यात्रियों को बंधक बना लिया."  बीएलए ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, "यदि कब्जा करने वाली सेनाएं कोई सैन्य कार्रवाई करने का प्रयास करती हैं, तो परिणाम गंभीर होंगे. सभी सैकड़ों बंधकों को मार दिया जाएगा, और इस रक्तपात की जिम्मेदारी पूरी तरह से कब्जा करने वाली सेना पर होगी." 

समूह ने पुष्टि की कि हमला उसकी विशेष इकाइयों - मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड द्वारा किया गया था और सैन्य हस्तक्षेप की स्थिति में जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी. बयान में आगे कहा गया, "किसी भी सैन्य घुसपैठ का समान रूप से जोरदार जवाब दिया जाएगा."

हताहतों की पुष्टि करते हुए, बीएलए ने बताया, "अब तक छह सैन्यकर्मी मारे गए हैं और सैकड़ों यात्री बीएलए की हिरासत में हैं." बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दोहराया कि समूह “इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी लेता है.”

बलूच लिबरेशन आर्मी की तरफ से जारी की गई प्रेस रिलीज-

Image

बलूचिस्तान में लंबे समय से चल रहा संघर्ष

सुरक्षा बलों को क्षेत्र में भेज दिया गया है तथा हमले की जांच चल रही है. दरअसल, पाकिस्तान का बलूचिस्तान क्षेत्र एक संसाधन संपन्न लेकिन संघर्ष-ग्रस्त प्रांत है. इस इलाके में अलगाववादी समूहों द्वारा स्वतंत्रता या अधिक स्वायत्तता की मांग को लेकर लंबे समय से विद्रोह चल रहा है. इस क्षेत्र में हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों, बुनियादी ढांचे और नागरिकों पर बार-बार हमले हुए हैं.

 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag