क्या ईरान पर होने वाला है परमाणु हमला? UN अधिकारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए दिया इस्तीफा
संयुक्त राष्ट्र के राजनयिक मोहम्मद सफा ने इस्तीफा देकर आरोप लगाया कि संस्था ईरान में संभावित परमाणु हमले जैसी स्थिति की तैयारी कर रही है. उन्होंने मानवता के खतरे का हवाला देते हुए अपना कूटनीतिक करियर छोड़ दिया और दुनिया से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील की.

संयुक्त राष्ट्र से जुड़े एक राजनयिक मोहम्मद सफा ने अपने पद से इस्तीफा देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल पैदा कर दी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि संयुक्त राष्ट्र के भीतर कुछ ताकतें ईरान में संभावित परमाणु हमले जैसी स्थिति के लिए तैयारी कर रही हैं. सफा ने यह घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट और पत्र साझा करते हुए की, जिसमें उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे की वजहों को विस्तार से बताया.
इस्तीफे पर क्या बोले सफा ?
सफा के मुताबिक, यह फैसला उन्होंने जल्दबाजी में नहीं बल्कि लंबे विचार-विमर्श के बाद लिया है. उन्होंने दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र के कुछ वरिष्ठ अधिकारी एक प्रभावशाली लॉबी के दबाव में काम कर रहे हैं, जो वैश्विक शांति के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने लिखा कि स्थिति बेहद गंभीर है, लेकिन आम लोग इसकी गहराई को समझ नहीं पा रहे हैं.
अपने पोस्ट में सफा ने तेहरान की एक तस्वीर भी साझा की और भावनात्मक अंदाज में कहा कि यह कोई सुनसान इलाका नहीं, बल्कि लाखों लोगों का घर है. यहां परिवार, बच्चे और आम नागरिक रहते हैं, जिनके अपने सपने और उम्मीदें हैं. उन्होंने युद्ध की मानसिकता को खतरनाक बताते हुए कहा कि ऐसे विचार मानवता के लिए विनाशकारी साबित हो सकते हैं.
सफा ने परमाणु हमले के संभावित परिणामों को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि तेहरान की आबादी करीब एक करोड़ है और अगर किसी बड़े शहर जैसे वाशिंगटन, पेरिस, लंदन या बर्लिन पर परमाणु हमला हो जाए, तो उसके परिणाम कितने भयावह होंगे, इसकी कल्पना भी डरावनी है. उनका मानना है कि दुनिया को इस खतरे को गंभीरता से लेना चाहिए.
कूटनीतिक करियर पर लगाया दांव
उन्होंने यह भी बताया कि इस जानकारी को सार्वजनिक करने के लिए उन्होंने अपना कूटनीतिक करियर दांव पर लगा दिया. सफा के अनुसार, वह किसी भी हालत में ऐसे संभावित ‘मानवता विरोधी अपराध’ का हिस्सा या गवाह नहीं बनना चाहते थे. उन्होंने ‘न्यूक्लियर विंटर’ जैसी स्थिति को रोकने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि समय रहते कदम उठाना बेहद जरूरी है.
गौरतलब है कि मोहम्मद सफा संयुक्त राष्ट्र में ‘पैट्रियॉटिक विजन’ (PVA) नामक संगठन के मुख्य प्रतिनिधि थे. यह संगठन संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद में विशेष सलाहकार का दर्जा रखता है. सफा 2013 से इस संगठन के कार्यकारी निदेशक रहे हैं और 2016 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था.


