तुलसी गबार्ड ने ट्रंप कैबिनेट से दिया इस्तीफा: इस कारण छोड़ा नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर का पद
तुलसी गबार्ड ने अपने इस्तीफे में लिखा कि उनके पति अब्राहम को हड्डी से जुड़े एक बेहद दुर्लभ कैंसर का पता चला है। इस मुश्किल वक्त में उनका साथ देने के लिए वह पद छोड़ रही हैं।

नई दिल्ली: अमेरिका की ट्रंप सरकार को बड़ा झटका लगा है। कैबिनेट में शामिल तुलसी गबार्ड ने नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह फैसला अपने पति की सेहत को देखते हुए लिया है।
पति के कैंसर की वजह से लिया फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तुलसी गबार्ड ने अपने इस्तीफे में लिखा कि उनके पति अब्राहम को हड्डी से जुड़े एक बेहद दुर्लभ कैंसर का पता चला है। इस मुश्किल वक्त में उनका साथ देने के लिए वह पद छोड़ रही हैं। गबार्ड ने शुक्रवार को ओवल ऑफिस में हुई बैठक के दौरान राष्ट्रपति को इसकी जानकारी दी। ODNI में उनका आखिरी दिन 30 जून को माना जा रहा है।
राष्ट्रपति का जताया आभार
गबार्ड ने अपने इस्तीफे में लिखा कि आपने मुझ पर भरोसा जताया। पिछले डेढ़ साल से राष्ट्रीय खुफिया निदेशक ऑफिस का नेतृत्व करने का मौका देने के लिए मैं तहे दिल से आभारी हूं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश मुझे इस्तीफा देना पड़ रहा है। यह 30 जून 2026 से प्रभावी होगा। मेरे पति अब्राहम को हाल ही में हड्डी के कैंसर से जुड़ी एक दुर्लभ बीमारी का पता चला है।
पति को बताया मजबूत स्तंभ
तुलसी ने कहा कि आने वाले हफ्तों में अब्राहम को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में सार्वजनिक सेवा से हटकर उनके साथ रहना जरूरी है। इस लड़ाई में उनका साथ देना है। हमारी शादी को ग्यारह साल हो चुके हैं। अब्राहम मेरे लिए हमेशा एक मजबूत स्तंभ रहे हैं।
ईस्ट अफ्रीका तैनाती का किया जिक्र
उन्होंने बताया कि जब वह ईस्ट अफ्रीका में ज्वाइंट स्पेशल ऑपरेशन मिशन पर तैनात थीं, तब भी अब्राहम उनके साथ थे। कई राजनीतिक अभियानों के दौरान भी उन्होंने मेरा साथ दिया। उनके प्यार और ताकत ने हर चुनौती में मुझे संभाला है।
ODNI में काम को लेकर कही ये बात
तुलसी ने कहा कि ODNI में रहते हुए उन्होंने काफी तरक्की की। पारदर्शिता को बढ़ाया और ईमानदारी को बहाल किया। हालांकि अभी भी कई महत्वपूर्ण काम बाकी हैं जिन्हें पूरा किया जाना है। गबार्ड के इस्तीफे के बाद अब ट्रंप प्रशासन को नए नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर की तलाश करनी होगी।


