कल से भारत दौरे पर मार्को रूबियो, जयपुर और आगरा जाएंगे, जानिए पूरा प्रोग्राम
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो की चार दिवसीय भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें व्यापार समझौता, क्वाड सहयोग, ऊर्जा साझेदारी और क्षेत्रीय सुरक्षा प्रमुख हैं.

नई दिल्ली: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो की चार दिवसीय भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहे हैं. माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें व्यापार समझौता, क्वाड सहयोग, ऊर्जा साझेदारी और क्षेत्रीय सुरक्षा प्रमुख हैं.
पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे रुबियो
हाल ही में आयोजित भारत-अमेरिका वार्षिक लीडरशिप समिट में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संकेत दिया था कि आने वाले कुछ हफ्तों या महीनों में दोनों देशों के बीच एक बड़ा व्यापार समझौता अंतिम रूप ले सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे. इस संभावित बैठक को भारत-अमेरिका संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मार्को रुबियो की यह यात्रा क्वाड साझेदारी की मजबूती को दर्शाती है. दूतावास के अनुसार, क्षेत्रीय सुरक्षा से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स सप्लाई चेन तक कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है. खुद रुबियो ने भी भारत को अमेरिका का अहम रणनीतिक साझेदार बताया है. उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया.
रूबियो के कार्यक्रम के अनुसार, वह 23 मई को कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वह मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा करेंगे. इसके बाद वह दिल्ली रवाना होंगे और अमेरिकी दूतावास के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. 24 मई को उनकी मुलाकात विदेश मंत्री जयशंकर से होगी. इसी दिन भारत मंडपम में आयोजित अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ समारोह में भी वह शामिल होंगे.
आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे रुबियो
25 मई को रुबियो आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे. जयपुर में वह आमेर किला और रामबाग होटल जाएंगे. वहीं 26 मई को दिल्ली में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. सम्मेलन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा केवल कूटनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने वाला अहम कदम साबित हो सकती है. खासकर व्यापार, सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक रणनीति को लेकर दोनों देशों की साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद है.


