पीएम मोदी का गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत, आतंकवाद और भारत-मलेशिया संबंधों पर क्या-क्या बोले?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का आज दूसरा दिन है. दूसरे दिन प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच कई अहम समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का आज दूसरा दिन है. इस दौरान कुआलालंपुर में उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण वार्ता की. इससे पहले पीएम मोदी का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक और भव्य स्वागत किया गया. परदाना पुत्रा बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों देशों के शीर्ष नेता एक साथ नजर आए, जो भारत–मलेशिया संबंधों की मजबूती का प्रतीक रहा.

कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान

दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच कई अहम समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ. इन समझौतों का उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करना है. बैठक के दौरान प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत के साथ मजबूत रिश्तों पर संतोष जताते हुए कहा कि दोनों देशों ने उत्कृष्ट संबंध स्थापित किए हैं. उन्होंने पीएम मोदी और उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ ऐसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई है जिन पर आगे गंभीरता से काम करने की जरूरत है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सभी क्षेत्रों में सहयोग और तेज होगा और यह यात्रा उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद अहम है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया सरकार और जनता द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत की खुले दिल से सराहना की. उन्होंने कहा कि जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका और भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया, वह हमेशा स्मरणीय रहेगा. पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही घंटों में मलेशियाई संस्कृति, जीवनशैली और परंपराओं की जिस खूबसूरती से झलक देखने को मिली वह वास्तव में विशेष अनुभव था.

पीएम मोदी ने क्या कहा?

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत और मलेशिया के बीच सहयोग केवल एक या दो क्षेत्रों तक सीमित नहीं है बल्कि कृषि, विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, कौशल विकास और क्षमता निर्माण जैसे कई अहम क्षेत्रों में साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है. उन्होंने रक्षा और सुरक्षा सहयोग का भी उल्लेख किया और कहा कि इस क्षेत्र में दोनों देशों के रिश्ते निरंतर आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को बधाई दी और भरोसा जताया कि मलेशिया के सहयोग से भारत–आसियान संबंध और अधिक व्यापक होंगे.

प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के जन-जन संबंधों को रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लगभग 30 लाख मलेशियाई नागरिक भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत और जीवंत सेतु की तरह हैं. पीएम मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रवासियों से हुई मुलाकात को भी याद करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीयों का मलेशिया के प्रति स्नेह और सम्मान देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ.

आतंकवाद पर बोले पीएम मोदी 

आतंकवाद के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए मित्र देशों का सहयोग बेहद जरूरी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और मलेशिया की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़ी हुई है और वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में दोनों समुद्री पड़ोसी देशों को अपने संबंधों की पूरी क्षमता का उपयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि उनकी इस यात्रा का मुख्य संदेश यही है कि भारत, मलेशिया के साथ मिलकर रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाना चाहता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag