बदलते मौसम में बार-बार हो रहा है खांसी-जुकाम? ये नेचुरल ड्रिंक्स देंगे तुरंत राहत

बदलते मौसम में जुकाम, खांसी और गले की खराश जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. इनसे बचाव के लिए तुलसी काढ़ा, दालचीनी-नींबू ड्रिंक, गिलोय, अदरक-शहद चाय और हल्दी दूध जैसी प्राकृतिक ड्रिंक्स इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती हैं.

Shraddha Mishra

मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है. सुबह ठंडक महसूस होती है तो दोपहर में तेज गर्मी परेशान कर देती है. तापमान के इस उतार-चढ़ाव का असर सीधे हमारी सेहत पर पड़ता है. जुकाम, खांसी, गले में खराश, हल्का बुखार और बदन दर्द जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे समय में दवाइयों के साथ-साथ कुछ प्राकृतिक उपाय भी शरीर को मजबूत रखने में मदद कर सकते हैं. घर में मौजूद साधारण चीजों से तैयार की गई कुछ हेल्दी ड्रिंक्स इम्यूनिटी बढ़ाने और संक्रमण से बचाव में सहायक साबित हो सकती हैं. आइए जानते हैं पांच आसान और असरदार पेय, जिन्हें आप अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं.

तुलसी का काढ़ा

तुलसी को आयुर्वेद में बहुत महत्व दिया गया है. इसकी पत्तियों को पानी में उबाल लें. स्वाद और असर बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा अदरक और कुछ दाने काली मिर्च के भी डाल सकते हैं. अच्छी तरह उबालने के बाद इसे छानकर गर्म-गर्म पिएं. यह पेय गले की सूजन कम करने, जुकाम में राहत देने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद करता है. यदि चाहें तो केवल तुलसी की पत्तियों का काढ़ा भी बना सकते हैं.

दालचीनी और नींबू का ड्रिंक

बदलते मौसम में शरीर को अंदर से साफ रखना जरूरी है. इसके लिए दालचीनी को पानी में उबाल लें और फिर उसमें ताजा नींबू का रस मिलाएं. यह मिश्रण शरीर से हानिकारक तत्व बाहर निकालने में सहायक होता है. दालचीनी में भरपूर एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जबकि नींबू में मौजूद विटामिन सी इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है. दिन में एक बार इस ड्रिंक का सेवन फायदेमंद हो सकता है.

गिलोय का रस या काढ़ा

गिलोय को प्राकृतिक इम्यूनिटी बूस्टर माना जाता है. यह बुखार में राहत देने और संक्रमण से बचाव में सहायक मानी जाती है. आप बाजार में मिलने वाला गिलोय का रस सीमित मात्रा में ले सकते हैं या फिर इसकी डंठल को पानी में उबालकर काढ़ा बना सकते हैं. नियमित सेवन से शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है.

अदरक और शहद की चाय

अदरक में प्राकृतिक रूप से सूजन कम करने वाले गुण होते हैं. यह गले की खराश, खांसी और सर्दी में आराम देता है. आप पानी में अदरक उबालकर उसमें थोड़ा शहद मिलाएं. शहद स्वाद के साथ-साथ एंटीबैक्टीरियल गुण भी देता है. यह चाय शरीर को गर्माहट देती है और थकान कम करने में मदद करती है.

हल्दी वाला दूध

रात को सोने से पहले एक गिलास गुनगुना दूध लें और उसमें थोड़ी हल्दी व चुटकी भर काली मिर्च मिलाएं. हल्दी में मौजूद करक्यूमिन संक्रमण से लड़ने में सहायक होता है. काली मिर्च इसके असर को बढ़ाने में मदद करती है. यह पेय बदन दर्द, थकान और हल्की सूजन में राहत देने के साथ नींद भी बेहतर बनाता है.

Disclaimer: ये सभी ड्रिंक्स प्राकृतिक हैं, लेकिन यदि आपको किसी चीज से एलर्जी है या पहले से कोई गंभीर बीमारी है, तो नियमित सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag