रसोई में जूते पहनने से नाराज होती हैं मां अन्नपूर्णा? घर में बढ़ सकती है आर्थिक परेशानी... जानें वास्तु नियम
वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई घर को बेहद पवित्र स्थान माना जाता है, जहां माँ अन्नपूर्णा का वास होता है. ऐसे में जूते-चप्पल पहनकर किचन में जाना न केवल अशुभ माना जाता है बल्कि इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ सकती है.

वास्तु टिप्स: घर की रसोई को भारतीय परंपरा में बेहद पवित्र स्थान माना जाता है. यहीं से पूरे परिवार के लिए भोजन तैयार होता है, इसलिए इसकी स्वच्छता और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष महत्व बताया गया है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, रसोई केवल खाना बनाने की जगह नहीं बल्कि समृद्धि और स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है.
अक्सर जल्दबाजी में लोग जूते-चप्पल पहने ही किचन में प्रवेश कर जाते हैं, लेकिन वास्तु के अनुसार यह आदत घर की सुख-शांति और समृद्धि पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है. धर्मशास्त्रों में कहा गया है कि रसोई में माँ अन्नपूर्णा का वास होता है, इसलिए यहां पवित्रता बनाए रखना बेहद जरूरी माना जाता है.
मां अन्नपूर्णा की पवित्रता से जुड़ा है किचन
वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई में साक्षात माँ अन्नपूर्णा का वास माना जाता है. जूते-चप्पल बाहर की धूल, गंदगी और नकारात्मक ऊर्जा अपने साथ लेकर आते हैं. ऐसे में इन्हें पहनकर किचन में प्रवेश करना रसोई की पवित्रता को प्रभावित करता है और इसे धार्मिक दृष्टि से अशुभ माना जाता है.
नकारात्मक ऊर्जा और आर्थिक परेशानी का कारण
वास्तु विशेषज्ञों का मानना है कि जूते पहनकर रसोई में जाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश हो सकता है. इससे परिवार में अशांति बढ़ सकती है और आपसी रिश्तों में कड़वाहट आने लगती है.
मान्यता यह भी है कि जिस घर की रसोई साफ और पवित्र नहीं रहती, वहां मां लक्ष्मी का वास नहीं होता. ऐसे में धीरे-धीरे आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगती हैं और घर में दरिद्रता का वातावरण बन सकता है.
अग्नि और पृथ्वी तत्व का असंतुलन
वास्तु के अनुसार रसोई घर में मुख्य रूप से ‘अग्नि’ तत्व सक्रिय रहता है. वहीं जूते-चप्पल ‘पृथ्वी’ तत्व और बाहरी भारी ऊर्जा के प्रतीक माने जाते हैं.
जब ये दोनों तत्व गलत तरीके से मिलते हैं तो घर में वास्तु दोष पैदा हो सकता है. यह असंतुलन परिवार की प्रगति में बाधाएं डालता है और अनावश्यक खर्चों में वृद्धि का कारण बन सकता है.
स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है बुरा असर
सिर्फ धार्मिक या वास्तु कारण ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी रसोई में जूते पहनकर जाना ठीक नहीं माना जाता. बाहर की गंदगी और बैक्टीरिया जूतों के जरिए सीधे किचन के फर्श तक पहुंच जाते हैं.
ऐसी स्थिति में जहां भोजन तैयार किया जाता है, वहां कीटाणुओं का होना फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है. इसलिए किचन का फर्श हमेशा साफ और स्वच्छ रखना जरूरी माना जाता है.
रसोई में सकारात्मक ऊर्जा कैसे बनाए रखें
1. जूतों के लिए अलग जगह बनाएं
घर में ऐसी व्यवस्था करें कि किचन के प्रवेश द्वार से पहले ही जूते-चप्पल उतार दिए जाएं. इससे रसोई की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहती है.
2. किचन के लिए अलग चप्पल रखें
यदि फर्श ठंडा रहता है, तो रसोई के लिए अलग और साफ चप्पल रखी जा सकती हैं जिन्हें केवल किचन के अंदर ही उपयोग किया जाए.
3. रोजाना फर्श की सफाई करें
रात में सोने से पहले रसोई का फर्श साफ करना अच्छा माना जाता है. मान्यता है कि स्वच्छ रसोई घर में सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती है और लक्ष्मी का वास बनाए रखती है.


