34 छक्के, 499 रन... भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में हुई रिकॉर्ड्स की बारिश, बना इतिहास का सबसे हाई-स्कोरिंग मुकाबला
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने 253 रन बनाकर इंग्लैंड को 7 रन से हराया. 499 रन वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे हाई-स्कोरिंग मैच रहा. अब फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा.

नई दिल्ली: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी थ्रिलर से कम नहीं रहा. आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली. अब भारत का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था.
भारत-इंग्लैंड का मैच पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा. दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन तक पहुंच सकी और 7 रन से मुकाबला हार गई. इस मैच में दोनों टीमों के बीच कुल 499 रन बने, जो टी20 विश्व कप इतिहास में किसी एक मैच में बना सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 2016 के विश्व कप में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के मैच के नाम था, जिसमें 459 रन बने थे. ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्कोरिंग मैच बन गया.
मेन्स टी20 इंटरनेशनल मैच में सर्वाधिक रन
517- साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, 2023
499- भारत बनाम इंग्लैंड, 2026
489- भारत बनाम वेस्टइंडीज, 2016
488- न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2018
488- बुल्गारिया बनाम सर्बिया, 2022
चौकों-छक्कों की बरसात
वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री लगीं, जिनमें 39 चौके और 34 छक्के शामिल थे. यह भी टी20 विश्व कप के किसी एक मैच में बाउंड्री का सबसे बड़ा आंकड़ा है. भारतीय बल्लेबाजों ने 19 छक्के लगाए, जबकि इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 15 छक्के जड़े. इस तरह पहली बार किसी टी20 विश्व कप मैच में कुल 34 छक्के देखने को मिले.
टी20 विश्व कप मैच में सबसे अधिक छक्के
34- भारत बनाम इंग्लैंड, 2026 सेमीफाइनल
31- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, 2026
30- नीदरलैंड्स बनाम आयरलैंड, 2014
28- भारत बनाम जिम्बाब्वे, 2026
25- इंग्लैंड बनाम इटली, 2026
इंग्लैंड के जैकब बेथेल का शानदार शतक
इंग्लैंड की ओर से युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 105 रनों की दमदार पारी खेली. यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है. बेथेल ने फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में नाबाद 100 रन बनाए थे. बेथेल टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज भी बन गए हैं.
टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में सर्वोच्च स्कोर
105 - जैकब बेथेल बनाम भारत, 2026 सेमीफाइनल
100*- फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, 2026 सेमीफाइनल
96*- तिलकरत्ने दिलशान बनाम वेस्टइंडीज, 2009 सेमीफाइनल
89*- विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज, 2016 सेमीफाइनल
89- संजू सैमसन बनाम इंग्लैंड, 2026 सेमीफाइनल
भारत का नॉकआउट में रिकॉर्ड स्कोर
भारतीय टीम का 253 रन का स्कोर टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. साथ ही यह भारत का टी20 इंटरनेशनल में पांचवीं बार 250 से ज्यादा का स्कोर रहा. इस विश्व कप में भारतीय टीम का बल्लेबाजी प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है. पूरे टूर्नामेंट में भारत ने अब तक 88 छक्के लगाए हैं, जो टी20 विश्व कप के किसी एक संस्करण में किसी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं.
T20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली टीम
88 - भारत, 2026
76- वेस्टइंडीज, 2026
72- साउथ अफ्रीका, 2026
62- वेस्टइंडीज, 2024
61- भारत, 2024
संजू सैमसन का बड़ा कारनामा
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भी इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आए. उन्होंने अब तक 16 छक्के लगाए हैं और एक ही टी20 विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 विश्व कप में 15 छक्के लगाए थे.
T20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे अधिक छक्के (भारतीय बैटर्स)
16- संजू सैमसन (2026)
15- रोहित शर्मा (2024)
15- शिवम दुबे (2026)
14- ईशान किशन (2026)
14- हार्दिक पंड्या (2026)
12- युवराज सिंह (2007)
अब फाइनल में न्यूजीलैंड से टक्कर
भारत की नजर अब खिताब पर है. फाइनल मुकाबले में उसे मजबूत टीम न्यूजीलैंड से भिड़ना होगा. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था.


