ICC बदलेगी टेस्ट क्रिकेट का सालों पुराना नियम, अब खत्म होगा 'रेड-बॉल' वाला कल्चर!

सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा है। अब एक ही टेस्ट मैच में लाल और गुलाबी दोनों गेंदों का इस्तेमाल हो सकता है। इसके अलावा टी20 के ब्रेक टाइम, कोच की मैदान पर एंट्री और गेंदबाजी एक्शन को लेकर भी नए नियम आने वाले हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: क्रिकेट के नियमों में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC प्लेइंग कंडीशन्स में कई नए नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इन प्रस्तावों को लेकर क्रिकेट जगत में खासी चर्चा है।

सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा है। अब एक ही टेस्ट मैच में लाल और गुलाबी दोनों गेंदों का इस्तेमाल हो सकता है। इसके अलावा टी20 के ब्रेक टाइम, कोच की मैदान पर एंट्री और गेंदबाजी एक्शन को लेकर भी नए नियम आने वाले हैं।

30 मई को ICC बोर्ड मीटिंग में मिल सकती है मंजूरी   

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी इन बदलावों पर गंभीर है। 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली बोर्ड मीटिंग में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। यदि सब तय रहा तो नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो जाएंगे। आईसीसी चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी की वर्चुअल मीटिंग में इस पर चर्चा हो चुकी है। बैठक में क्रिकेट कमेटी के चेयरमैन सौरव गांगुली भी मौजूद थे।

टेस्ट मैच में दिख सकती हैं लाल और गुलाबी दोनों बॉल  

आपको बताते चलें कि आईसीसी का सबसे चौंकाने वाला प्रस्ताव टेस्ट क्रिकेट को लेकर है। अगर मैच के दौरान खराब रोशनी या मौसम की वजह से फ्लडलाइट्स में खेल जारी रखना पड़े तो दोनों टीमों की सहमति से लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद इस्तेमाल की जा सकेगी। ऐसा पहली बार होगा जब एक ही टेस्ट में दो तरह की गेंदें देखने को मिलेंगी। हालांकि बीच मैच में गेंद बदलने की प्रक्रिया और खिलाड़ियों पर इसके असर को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है।

वनडे में कोच को मिलेगी मैदान पर आने की छूट  

दरअसल ICC वनडे क्रिकेट में भी बदलाव करने जा रहा है। नए नियम के तहत ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बात कर सकेंगे। अभी सिर्फ सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी ही ड्रिंक्स लेकर मैदान में जाते हैं। टी20 इंटरनेशनल में कोच को यह अनुमति पहले से है। अगर यह नियम लागू हुआ तो वनडे में भी रणनीति सीधे मैदान पर बनती दिखेगी।

टी20 मैचों का ब्रेक टाइम होगा कम   

टी20 इंटरनेशनल को और तेज बनाने के लिए आईसीसी पारियों के बीच का ब्रेक घटाने पर विचार कर रहा है। अभी दोनों पारियों के बीच 20 मिनट का ब्रेक मिलता है। प्रस्ताव के मुताबिक इसे घटाकर 15 मिनट किया जा सकता है। यानी खिलाड़ियों को आराम और प्लानिंग के लिए 5 मिनट कम मिलेंगे।

संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन पर सख्ती  

गौरतलब है कि आईसीसी अब चकिंग पर भी सख्त होने जा रहा है। प्रस्ताव है कि ऑन फील्ड अंपायरों को Hawk-Eye डेटा इस्तेमाल करने की इजाजत दी जाए। इससे मैच के दौरान ही गेंदबाज के एक्शन की जांच हो सकेगी। यह नियम लागू होने से संदिग्ध एक्शन को लेकर होने वाले विवाद कम हो सकते हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो