दीपिका कक्कड़ की बढ़ी परेशानी! ससुर को ब्रेन स्ट्रोक के बाद ICU में कराया गया भर्ती
शोएब इब्राहिम ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि 23 मई की सुबह उनके पिता को दोबारा स्ट्रोक आया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत ICU में शिफ्ट करना पड़ा।

मुंबई: 'ससुराल सिमर का' फेम दीपिका कक्कड़ और उनके पति शोएब इब्राहिम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पर्सनल लाइफ में लगातार उतार चढ़ाव झेल रहे इस कपल पर अब एक और मुसीबत टूट पड़ी है। शोएब के पिता को ब्रेन स्ट्रोक आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोएब ने खुद सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की है।
शोएब ने फैंस से मांगी दुआ
शोएब इब्राहिम ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि 23 मई की सुबह उनके पिता को दोबारा स्ट्रोक आया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत ICU में शिफ्ट करना पड़ा। शोएब ने लिखा कि अगले 24 घंटे उनके पिता के लिए बहुत अहम हैं।
उन्होंने सभी से दुआ करने की अपील की है। फिलहाल डॉक्टरों की तरफ से उनकी हेल्थ को लेकर कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन शोएब की पोस्ट के बाद फैंस लगातार कमेंट कर उनके पिता के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
व्लॉग के जरिए शेयर करते हैं पर्सनल अपडेट
दरअसल शोएब इब्राहिम ने टीवी के बाद यूट्यूब पर भी अपनी मजबूत फैन फॉलोइंग बनाई है। उनके चैनल को 3.27 मिलियन से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। शोएब अक्सर व्लॉग के जरिए अपनी जिंदगी से जुड़ी छोटी बड़ी बातें फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। दीपिका की सेहत से जुड़ी जानकारी भी वे यूट्यूब पर देते रहते हैं। पिछले कुछ समय से दीपिका कई मेडिकल परेशानियों से जूझ रही हैं।
दीपिका कक्कड़ की सेहत कैसी है
गौरतलब है कि शोएब और दीपिका हर कुछ हफ्तों में नया व्लॉग पोस्ट करते हैं। पिछले महीने दीपिका की सिस्ट की सर्जरी हुई थी। सर्जरी तो सफल रही लेकिन इसके बाद भी वे पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें पूरा आराम करने और अपना खास ख्याल रखने की सलाह दी है।
साथ ही रेगुलर चेकअप कराते रहने को कहा गया है, ताकि उनकी कंडीशन पर नजर रखी जा सके। दीपिका लिवर कैंसर के साथ पेट में सिस्ट की समस्या से भी लड़ रही हैं। इस मुश्किल समय में उनके फैंस लगातार उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।


