भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा अपडेट, फैंस बिना रुकावट लाइव देख पाएंगे सभी मुकाबले

भारत के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लंबे समय से जारी असमंजस के बाद अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 के भारत में प्रसारण का रास्ता लगभग साफ हो गया है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: भारत में फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. महीनों के असमंजस के बाद आखिरकार फीफा वर्ल्ड कप 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर रास्ता साफ होता दिख रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फीफा के अधिकारियों और भारतीय प्रसारकों के बीच सकारात्मक बातचीत हो रही है और अब एक समझौते पर सहमति बन गई है.

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के पूर्व महासचिव शाजी प्रभाकरन ने संकेत दिए हैं कि बातचीत अब पूरी हो चुकी है. फीफा के अधिकारियों और भारतीय प्रसारकों के बीच सकारात्मक बातचीत हो रही है और अब एक समझौते पर सहमति बन गई है. 

 फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर, अब इंतजार आखिरकार खत्म हुआ. भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण भागीदार की आधिकारिक घोषणा अगले हफ्ते होने की उम्मीद है. महीनों की अनिश्चितता के बाद अब फैंस राहत की सांस ले सकते हैं. इतिहास के इस सबसे बड़े वर्ल्ड कप के लिए तैयार हो जाइए.

रेस में सबसे आगे है ज़ी नेटवर्क

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस प्रसारण अधिकार को हासिल करने की दौड़ में 'ज़ी' सबसे आगे चल रहा है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है. प्रसार भारती ने पहले ही दिल्ली हाईकोर्ट में स्पष्ट कर दिया था कि डीडी स्पोर्ट्स इस टूर्नामेंट के मीडिया राइट्स हासिल करने की किसी भी बोली में शामिल नहीं है.

आधिकारिक ऐलान पर नजरें

एआईएफएफ के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी एम सत्यनारायण ने भी फुटबॉल में भारत के व्यावसायिक महत्व को रेखांकित किया था. अब अगले हफ्ते होने वाले आधिकारिक ऐलान पर सभी की नजरें टिकी हैं. जिसके बाद करोड़ों भारतीय फैंस बिना किसी रुकावट के इस महाकुंभ का आनंद ले सकेंगे.

पैसों और समय को लेकर फंसा था पेंच

फीफा ने शुरुआत में भारतीय बाजार से प्रसारण अधिकारों के लिए 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर की भारी-भरकम मांग की थी. किसी भी भारतीय कंपनी द्वारा इसे स्वीकार न करने पर इस रकम को घटाकर 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद बात नहीं बन पा रही थी.

कब होगा लाइव टेलीकास्ट

भारतीय कंपनियों की सबसे बड़ी चिंता मैचों के समय को लेकर थी. इस बार वर्ल्ड कप के मुकाबले अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेले जाने हैं जिसके कारण भारत में इनका लाइव टेलीकास्ट देर रात या तड़के (आधी रात से सुबह 6 बजे के बीच) होगा. कंपनियों को डर था कि इस समय पर दर्शकों की संख्या कम रहेगी जिससे उन्हें प्रायोजक ढूंढने में भारी दिक्कत आएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो