साउथ अफ्रीका से हारने पर बदला सेमीफाइनल का समीकरण, भारत की राह मुश्किल
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अहमदाबाद में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 76 रन से हरा दिया. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का मजबूत स्कोर बनाया.

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरुआती दौर खत्म होने के बाद टूर्नामेंट सुपर-8 में प्रवेश कर चुका है, जहां अब सिर्फ आठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं. 20 टीमों से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब हर मैच का परिणाम सेमीफाइनल की तस्वीर बदल रहा है. हाल ही में बारिश के कारण पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच रद्द होने के बाद समीकरण पहले ही जटिल हो चुके थे, लेकिन रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराकर पूरे ग्रुप की स्थिति बदल दी.
76 रनों से भारत की करारी हार
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अहमदाबाद में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 76 रन से हरा दिया. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का मजबूत स्कोर बनाया. जवाब में भारतीय टीम दबाव में आ गई और केवल 111 रन पर सिमट गई. इस बड़ी जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने न केवल 2 अंक हासिल किए, बल्कि अपना नेट रन रेट +3.800 तक पहुंचा लिया, जिससे वह ग्रुप-1 में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया.
वहीं भारत को इस हार का भारी नुकसान हुआ है. टीम को अभी तक कोई अंक नहीं मिला है और उसका नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो गया है, जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है. ग्रुप-1 में जिम्बाब्वे की टीम और वेस्टइंडीज ने अभी अपने मुकाबले नहीं खेले हैं, इसलिए दोनों टीमों के पास 0-0 अंक और 0.000 नेट रन रेट है.
दो टीमें सेमीफाइनल के लिए करेंगी क्वालिफाई
सुपर-8 के नियमों के अनुसार, हर ग्रुप से केवल दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. ऐसे में भारत को अपने बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, ताकि उसका नेट रन रेट सुधर सके. अगर कई टीमों के अंक समान रहते हैं, तो नेट रन रेट ही अंतिम फैसला करेगा. मौजूदा स्थिति में भारत के लिए यह सबसे बड़ी चुनौती बन गया है.
दूसरी ओर, सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने जीत के साथ शुरुआत की और वह +2.550 नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर है. पाकिस्तान की टीम और न्यूजीलैंड टीम के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे दोनों को 1-1 अंक मिला. वहीं श्रीलंका अपने पहले मैच में हार के बाद चौथे स्थान पर है.
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होगा. फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में प्रस्तावित है. मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय टीम के लिए अब हर मैच करो या मरो जैसा हो गया है, क्योंकि एक और गलती खिताब बचाने के सपने को पूरी तरह खत्म कर सकती है.


