T20 वर्ल्ड कप के बाद पूरी तरह बदली टीम इंडिया, 6 नए चेहरों की एंट्री, ये 5 स्टार खिलाड़ी टीम से बाहर

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित हुई भारत की टी20 टीम से साफ संकेत मिल रहे हैं. टी20 टीम बड़े बदलाव के तहत भारतीय क्रिकेट में कई कड़े फैसले लिए गए हैं जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है. आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने के ठीक कुछ महीनों बाद चयनकर्ताओं ने भविष्य की एक बेहद चौंकाने वाली रूपरेखा तैयार की है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित हुई भारत की टी20 टीम से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब नजरें अगले टी20 विश्व कप और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 पर टिकी हैं. इस बड़े बदलाव के तहत भारतीय क्रिकेट में कई कड़े फैसले लिए गए हैं जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है.

श्रेयस अय्यर को कप्तानी

इस टीम सेलेक्शन का सबसे बड़ा और हैरान करने वाला फैसला कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर रहा. विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार को न सिर्फ कप्तानी से हाथ धोना पड़ा बल्कि वे 15 सदस्यीय टीम से भी पूरी तरह बाहर हो गए हैं. आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा जिसके बाद सेलेक्टर्स ने कड़ा रुख अपनाया.

आईपीएल में दमदार वापसी

सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है. अय्यर ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2023 में खेला था. लंबे समय तक बाहर रहने के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में दमदार वापसी की. 

वैभव सूर्यवंशी रचेंगे इतिहास

इस दौरे पर सबसे ज्यादा ध्यान 15 साल के बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने खींचा है जिन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वैभव के साथ-साथ कुल 6 ऐसे खिलाड़ियों की टीम में एंट्री हुई है जो 2026 के विश्व कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे. इनमें वैभव सूर्यवंशी के अलावा प्रिंस यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और खुद कप्तान श्रेयस अय्यर शामिल हैं.

बुमराह और हार्दिक को आराम

टीम के संतुलन को बनाए रखने और खिलाड़ियों को चोट से बचाने के लिए सीनियर खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसी नीति के तहत तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को आगामी दौरों से आराम दिया गया है. 

कुलदीप और रिंकू को भी नहीं मिली जगह

टी20 विश्व कप टीम में शामिल रहे कुलदीप यादव और रिंकू सिंह जैसे बड़े नाम इस बार अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे. साफ है कि भारतीय सिलेक्टर्स अब युवाओं को परखने और भविष्य की एक अजेय टीम तैयार करने के मिशन पर निकल चुके हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो