IPL 2023: वीरेंद्र सहवाग ने रोहित शर्मा को लेकर किया बड़ा खुलासा, बताया- क्यों नहीं चल रहा हिटमैन का बल्ला

भारतीय टीम के पूर्व विस्‍फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा इस वक्त तकनीकी खराबी नहीं बल्कि 'मानसिक ब्‍लॉक' से जूझ रहे हैं।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

भारतीय टीम के पूर्व विस्‍फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा इस वक्त तकनीकी खराबी नहीं बल्कि 'मानसिक ब्‍लॉक' (mental block) से जूझ रहे हैं। रोहित शर्मा मौजूदा सीजन (IPL 2023) में रन बनाने के लिए तरस रहे हैं।

बता दें कि रोहित शर्मा ने अब तक 10 मुकाबलों में 18.39 की औसत और 126.89 के स्‍ट्राइक रेट के साथ कुल 184 रन बनाए हैं। वहीं पिछले दो मुकाबलों में रोहित खाता भी नहीं खोल पाए। इस दौरान रोहित शर्मा के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। वो IPL इतिहास में सबसे ज्‍यादा बार शून्‍य पर आउट होने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। रोहित शर्मा IPL इतिहास में 16 बार शून्‍य पर आउट हुए हैं।

वीरेंद्र सहवाग का बेबाक बयान -

वहीं वीरेंद्र सहवाग ने स्‍टार स्‍पोर्ट्स लाइव क्रिकेट पर बात करते हुए कहा कि, ''रोहित शर्मा इस समय गेंदबाजों से नहीं बल्कि अपने आप से लड़ रहे हैं। वहां मानसिक रोक लग चुकी है। उनकी बल्‍लेबाजी तकनीक में कोई खराबी नहीं है। उनके दिमाग में कुछ उलझन चल रही है। मगर जिस दिन उनका बल्‍ला चलेगा तो पुराने मैचों की कसर पूरी हो जाएगी।''

बता दें कि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने इस सीजन (IPL 2023) में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें पांच मुकाबलों में जीत दर्ज कर वो अंक तालिका में आठवें स्‍थान पर कायम है। मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मुकाबले में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

मंगलवार 9 मई को मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम पर खेलना है। मुंबई इंडियंस को उम्‍मीद होगी कि इस मुकाबले में कप्‍तान रोहित शर्मा फॉर्म में वापस लौट आएं।

जोफ्रा आर्चर पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर -

इस बीच मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट में तगड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर IPL टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर इंग्लैंड टीम के स्टार ऑलराउंडर क्रिस जॉर्डन को खेमें में शामिल किया गया है।

बता दें कि क्रिस जॉर्डन अपनी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए में मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़े हैं। मुंबई इंडियंस ने ट्वीट करते हुए यह जानकारी दी है कि, ''जोफ्रा आर्चर की रिकवरी और फिटनेस पर ECB की निगरानी है। इंग्लिश तेज गेंदबाज रिहैब के लिए वापस अपने घर लौटेंगे। क्रिस जॉर्डन उन्‍हें रिप्‍लेस करेंगे।''

calender
09 May 2023, 03:34 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो