नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया। कप्तान शुभमन गिल की शानदार शतकीय पारी ने टीम को एकतरफा जीत दिलाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 219 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। गिल ने 53 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 104 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करने उतरे साई सुदर्शन ने भी बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 77 गेंदों में 167 रन की साझेदारी कर राजस्थान को मैच से बाहर कर दिया। सुदर्शन ने 32 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के के साथ 58 रन बनाए। हालांकि वह पिछले मैच की तरह इस बार भी हिट विकेट होकर आउट हुए। इस जीत के साथ गुजरात फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई। अब टीम 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगी।
राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम के लिए 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 47 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सूर्यवंशी के अलावा रवींद्र जडेजा ने 45 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। यशस्वी जायसवाल ने 1 रन, ध्रुव जुरेल ने 7 रन, कप्तान रियान पराग ने 11 रन, दासुन शनाका ने 3 रन, जोफ्रा आर्चर ने 7 रन बनाए। डेनोवन फरेरा ने आखिर में 11 गेंदों पर नाबाद 38 रन ठोके जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ शुभमन गिल और साई सुदर्शन ही गुजरात टाइटंस के लिए शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। गुजरात के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी पहले गिल के नाम था। उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंद में शतक जड़ा था। इस बार उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 47 गेंदों में सेंचुरी पूरी की।