ईशान किशन ने ICC रैंकिंग में लगाई 32 पायदान की छलांग, पाकिस्तान का खिलाड़ी नंबर-1 ऑलराउंडर
बुधवार को जारी टी20 रैंकिंग में ईशान किशन ने सबसे बड़ी छलांग लगाई. वह 32 स्थान ऊपर चढ़कर 32वें नंबर पर पहुंच गए हैं. अभिषेक शर्मा 917 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 बने हुए हैं.

पाकिस्तान के युवा ओपनर सैम अयूब ने अपने शानदार मौजूदा फॉर्म को आईसीसी रैंकिंग में भी भुनाया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ में क्लीन स्वीप के बाद सैम अयूब आईसीसी मेंस टी20आई ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा को पीछे छोड़ दिया है.
सैम अयूब का शानदार प्रदर्शन
महज 23 साल के सैम अयूब ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज़ में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया. उन्होंने तीन मैचों में कुल 119 रन बनाए और साथ ही तीन विकेट भी अपने नाम किए. टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से ठीक पहले आई यह रैंकिंग पाकिस्तान टीम के लिए काफी सकारात्मक संकेत मानी जा रही है, क्योंकि टीम 2009 के बाद दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरने वाली है.
पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर यहीं तक सीमित नहीं रही. स्पिन गेंदबाज़ अबरार अहमद ने भी आईसीसी टी20आई गेंदबाज़ों की रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों में छह विकेट झटकने वाले अबरार दो स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वह अब भारत के वरुण चक्रवर्ती से सिर्फ 28 रेटिंग अंक पीछे हैं.
सातवें स्थान पर पहुंचे नवाज़
इसके अलावा मोहम्मद नवाज़ ने भी सीरीज़ के आखिरी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. पांच विकेट हासिल करने के बाद नवाज़ गेंदबाज़ों की सूची में आठ पायदान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं. ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी उन्हें फायदा हुआ है और वह एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर आ गए हैं.
बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने 12 स्थान का सुधार करते हुए 29वां स्थान हासिल किया है. वहीं सैम अयूब बल्लेबाज़ों की सूची में भी आठ पायदान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गए हैं. टॉप-10 बल्लेबाज़ों में भारत के अभिषेक शर्मा ने अपनी नंबर-1 पोज़िशन बरकरार रखी है. जोस बटलर, पथुम निसंका, सूर्यकुमार यादव और टिम सिफर्ट को भी एक-एक स्थान का फायदा हुआ है.
अन्य बल्लेबाज़ों में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन, दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक, भारत के ईशान किशन और रायन रिकेलटन ने उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है. गेंदबाज़ों की सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद और न्यूज़ीलैंड के मिचेल सैंटनर को भी रैंकिंग में बढ़त मिली है.
ईशान किशन ने लगाई लंबी छलांग
बुधवार को जारी टी20 रैंकिंग में ईशान किशन ने सबसे बड़ी छलांग लगाई. वह 32 स्थान ऊपर चढ़कर 32वें नंबर पर पहुंच गए हैं. अभिषेक शर्मा 917 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा एक स्थान फिसलकर चौथे पायदान पर आ गए हैं. सूर्यकुमार यादव को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह 728 रेटिंग अंकों के साथ छठे स्थान पर काबिज हैं.


