'यूपी की शान सीने पर...' IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने नई जर्सी की लॉन्च, लाल और नीली जर्सी में चमके खिलाड़ी

आईपीएल 2026 को लेकर आज LSG ने अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है. इससे कुछ दिन पहले टीम ने लोगो लॉन्च किया था. इस बार टीम सिर्फ नीले कलर में नहीं बल्कि लाल और नीली धारियों वाली जर्सी में दिखाई देंगे.

Sonee Srivastav

IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने शुक्रवार को आईपीएल 2026 सीजन से पहले अपनी नई जर्सी लॉन्च कर दी है. टीम ने अपनी पुरानी पूरी नीली जर्सी को छोड़कर अब लाल और नीली धारियों वाली जर्सी अपनाई है, जिसमें सुनहरे रंग का खूबसूरत इस्तेमाल किया गया है.

यह नई जर्सी उत्तर प्रदेश की संस्कृति, गर्व और ताकत को दर्शाती है. टीम ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यूपी की शान सीने पर, ट्रॉफी का सपना आंखों में."

नई जर्सी का डिजाइन

पहले एलएसजी की जर्सी पूरी तरह नीली होती थी, लेकिन अब इसमें लाल रंग की प्रमुखता है जो जोश और प्रतिस्पर्धा का प्रतीक है. नीला रंग टीम की शुरुआत को याद दिलाता है, जबकि सुनहरा रंग भविष्य की उम्मीदों और विश्वास को दिखाता है.

यह डिजाइन लखनऊ और यूपी की रंगीन संस्कृति, शिल्पकला और परंपराओं से प्रेरित है. नई जर्सी में टीम का नया लोगो भी लगा है, जो खिलाड़ियों के सीने पर चमक रहा है.

नए लोगो के प्रतीक और उनका मतलब

एलएसजी ने कुछ दिन पहले ही नया लोगो जारी किया था. इसमें तीन मुख्य चिन्ह हैं - गरुड़, मुकुट और हाथी. गरुड़ साहस और निडरता का प्रतीक है. यह बताता है कि टीम चुनौतियों से नहीं डरती और हमेशा ऊंचाइयों की ओर बढ़ती है. मुकुट गौरव और जिम्मेदारी दिखाता है. 

टीम हर मैच में लाखों प्रशंसकों की उम्मीदें लेकर मैदान पर उतरती है, और यह सम्मान रोज कमाना पड़ता है. हाथी शक्ति, ज्ञान, धैर्य और एकता का प्रतीक है. यह प्रशंसकों की अटूट वफादारी को दर्शाता है, जो हर हाल में टीम के साथ खड़े रहते हैं.

मालिक शशवत गोयनका का बयान

आरपीएसजी ग्रुप के उपाध्यक्ष और एलएसजी के मालिक शशवत गोयनका ने कहा, "यह नया लोगो हमारे लिए बहुत भावुक है. लखनऊ और यूपी के लोगों ने टीम को पहले दिन से दिल से अपनाया. गरुड़ हमारे सपनों को ऊंचा ले जाने का प्रतीक है.

मुकुट आपके गर्व को दिखाता है और हाथी इस क्षेत्र की ताकत व वफादारी को." उन्होंने कहा कि यह सिर्फ डिजाइन बदलाव नहीं, बल्कि एक वादा है - शहर का सम्मान करना, जड़ों से जुड़े रहना और पूरे जोश से खेलना.

टीम की स्थिति और स्क्वॉड

पिछले सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 6 जीत और 8 हार के साथ 12 अंक लेकर सातवां स्थान हासिल किया था. अब आईपीएल 2026 के लिए टीम मजबूत है. 

मुख्य खिलाड़ी: ऋषभ पंत (कप्तान), निकोलस पूरन, मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, अवेश खान, जोश इंग्लिस, वानिंदु हसरंगा, एनरिक नॉर्टजे.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag