मेस्सी-सुआरेज की जोड़ी एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार, मियामी के लिए खेलेंगे दोनों दिग्गज
लुइस सुआरेज़ ने क्लब के साथ 2026 सीजन तक नया समझौता किया है. अब वे अपने पुराने दोस्त और बार्सिलोना के साथी लियोनेल मेस्सी के साथ एक और साल खेलते हुए दिखाई देंगे.

एमएलएस चैंपियन इंटर मियामी ने फुटबॉल फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा की है. उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज़ ने क्लब के साथ 2026 सीजन तक नया समझौता किया है. इस तरह वे अपने पुराने दोस्त और बार्सिलोना के साथी लियोनेल मेस्सी के साथ एक और साल खेलते हुए दिखाई देंगे.
क्लब ने बुधवार 17 दिसंबर 2025 को यह घोषणा की. बता दें, जनवरी में 39 साल के होने वाले सुआरेज़ का यह इंटर मियामी के साथ तीसरा सीजन होगा. फैंस को इस जोड़ी से फिर कमाल की उम्मीद है.
सुआरेज़ का शानदार प्रदर्शन
सुआरेज़ 2023 के अंत में इंटर मियामी से जुड़े थे. 2025 सीज़न में उन्होंने सभी मुकाबलों में 50 मैच खेले, 17 गोल किए और 17 असिस्ट दिए. प्लेऑफ के आखिरी मैचों में उनकी भूमिका कम रही, लेकिन टीम ने वैंकूवर व्हाइटकैप्स को हराकर पहला एमएलएस कप जीता.
2024 में वे टीम के टॉप स्कोरर थे, 25 गोल किए और सपोर्टर्स शील्ड जिताने में बड़ी भूमिका निभाई। मेस्सी के साथ उनकी जोड़ी फैंस की फेवरेट है. क्लब मालिक जॉर्ज मास ने उन्हें फुटबॉल का लीजेंड बताया.
टीम में बदलाव और नया स्टेडिय
मबार्सिलोना के पुराने साथी जोर्डी अल्बा और सर्जियो बुस्केट्स ने एमएलएस कप के बाद संन्यास ले लिया. अब सिर्फ मेस्सी और सुआरेज़ बचे हैं. क्लब ने अल्बा की जगह सर्जियो रेगुइलॉन को साइन किया है.
2026 में इंटर मियामी अपना नया स्टेडियम मियामी फ्रीडम पार्क खोलेगा, जहां पहला मैच 4 अप्रैल को ऑस्टिन एफसी के खिलाफ होगा. यहां सुआरेज़ और मेस्सी की जोड़ी फिर कमाल दिखाएगी. यह स्टेडियम 25,000 सीटों वाला होगा और टीम के लिए नया घर बनेगा.
भविष्य की उम्मीदें
क्लब दोहरा चैंपियन बनने और कॉनकाकैफ चैंपियंस कप जीतने का लक्ष्य रहेगा. सुआरेज़ का अनुभव टीम को मजबूत बनाएगा. मेस्सी का कॉन्ट्रैक्ट 2028 तक है, इसलिए यह जोड़ी लंबे समय तक फैंस को खुश करेगी.
इंटर मियामी अब नई पीढ़ी के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन सुआरेज़ जैसे दिग्गज की वापसी से टीम और मजबूत हो गई है. फैंस को 2026 में नए स्टेडियम में शानदार खेल देखने को मिलेगा.


