पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला, भारत-पाक मैच पर जताई सहमति

पाकिस्तान सरकार ने भारत-पाक मैच पर सहमति जता दी है. अब भारत-पाक मैच तय समय के अनुसार 15 फरवरी को खेला जाएगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा. पाकिस्तान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और अन्य क्रिकेट बोर्डों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद अपने पहले के बहिष्कार के फैसले को वापस ले लिया है. इसके साथ ही सरकार ने पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम को 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने की अनुमति दे दी है.

पीसीबी, बीसीबी और आईसीसी के शीर्ष अधिकारियों की बैठक 

यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और आईसीसी के शीर्ष अधिकारियों के बीच हुई लंबी बैठक के एक दिन बाद सामने आया. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान को भारत के खिलाफ होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के बहिष्कार से पीछे हटने के लिए मनाना था. गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान मैच को टी20 विश्व कप का सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला मुकाबला माना जाता है.

पाकिस्तान सरकार ने इस निर्णय की आधिकारिक पुष्टि अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए की. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि यह फैसला कई मित्र देशों जैसे बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात के अनुरोधों और बहुपक्षीय चर्चाओं से निकले सकारात्मक परिणामों को ध्यान में रखकर लिया गया है. सरकार के अनुसार, यह कदम क्रिकेट की भावना को बनाए रखने और वैश्विक स्तर पर खेल की निरंतरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है.

पीसीबी अध्यक्ष और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री को आईसीसी, बीसीबी और पीसीबी के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के नतीजों की जानकारी दी. सरकार ने उन औपचारिक पत्रों की भी समीक्षा की, जिनमें पाकिस्तान से मौजूदा स्थिति का व्यावहारिक समाधान निकालने में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आग्रह किया गया था.

विवाद की शुरुआत कब हुई?

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी. हालांकि, आईसीसी के सुलह भरे रुख और दंडात्मक कार्रवाई न करने के फैसले के बाद पाकिस्तान ने अपने रुख पर पुनर्विचार किया.

इधर, पाकिस्तान की टीम कोलंबो में अपने विश्व कप अभियान की तैयारी में जुटी हुई है. तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने कहा कि खिलाड़ियों का पूरा ध्यान टूर्नामेंट पर है और भारत के खिलाफ खेलने का अंतिम फैसला सरकार के निर्देशों पर निर्भर करेगा. उन्होंने साफ किया कि फिलहाल टीम का फोकस अमेरिका के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले पर है और हर मैच को एक-एक करके खेलने की रणनीति अपनाई जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag