जहर, सुसाइड या साजिश... पीरागढ़ी कार केस में आया नया मोड़, CCTV में दिखा रहस्यमयी ‘बाबा’

दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. सीसीटीवी में ‘बाबा’ वेशधारी व्यक्ति की मौजूदगी ने जांच को नया मोड़ दिया है. पुलिस जहर और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार के भीतर मिले तीन शवों का मामला अब और भी रहस्यमय होता जा रहा है. शुरुआत में इसे सामूहिक आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ नए सवाल खड़े हो रहे हैं. खासकर सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक संदिग्ध व्यक्ति ने इस केस को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसी दौरान एक व्यक्ति नजर आया जो ‘बाबा’ के वेश में था और घटना से पहले उसी कार में बैठा दिखाई दिया. 

अधिकारियों का कहना है कि यही शख्स अब जांच का अहम हिस्सा बन गया है. माना जा रहा है कि वह तीनों मृतकों के संपर्क में था और घटना वाले दिन उनके साथ मौजूद भी था. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस व्यक्ति की भूमिका क्या थी. वह तीनों से कैसे मिला और घटना के समय कार में उसकी मौजूदगी का क्या मतलब है, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पीसीआर कॉल से खुला मामला

जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजकर 50 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक कॉल मिली. कॉल करने वाले ने बताया कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार खड़ी है, जिसमें तीन लोग बैठे हैं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जब कार की जांच की गई तो अंदर दो पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में मिले. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि कार करीब 50 मिनट पहले से वहीं खड़ी थी. कार के दरवाजे अंदर से बंद थे और बाहर किसी तरह की तोड़फोड़ या संघर्ष के निशान नहीं मिले. इसी आधार पर शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई गई.

जहर पीने की आशंका 

जांच के दौरान यह शक जताया गया कि तीनों ने संभवतः जहर मिला शीतल पेय पिया हो सकता है. हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि रासायनिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

परिवार ने आत्महत्या की संभावना पर उठाए सवाल 

मृतकों की पहचान बापरोला निवासी 76 वर्षीय रणधीर, 47 वर्षीय शिव नरेश सिंह और जहांगीरपुरी की 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है. लक्ष्मी देवी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं. परिजनों का कहना है कि जब तीनों घर से निकले थे, तब वे सामान्य और खुश दिखाई दे रहे थे. परिवार ने किसी भी तरह की मानसिक परेशानी या तनाव से इनकार किया है. इसी वजह से वे आत्महत्या की संभावना पर सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag