पैट कमिंस ने आईपीएल सीजन के बीच में SRH छोड़ा! वापस लौटे ऑस्ट्रेलिया
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती पांच मैचों से बाहर रहेंगे और उनकी वापसी स्कैन रिपोर्ट पर निर्भर करेगी. वहीं टीम ने खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की है और गेंदबाजों ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है.

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस इस सीजन की शुरुआत में अपनी पीठ की चोट के कारण टीम से बाहर हैं. एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट के बाद से ही वह मैदान से दूर चल रहे हैं, जिसके चलते वह टी20 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं ले सके. हालांकि चोट के बावजूद उन्होंने आईपीएल से पहले टीम कैंप जॉइन किया और नेट्स में गेंदबाजी करते हुए अपनी फिटनेस पर काम करते नजर आए. फिर भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक उन्हें प्रतिस्पर्धी मैच खेलने की अनुमति नहीं दी है.
मेडिकल मंजूरी के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटे कमिंस
अब कमिंस अंतिम मेडिकल मंजूरी के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की निगरानी में उनका स्कैन किया जाएगा, जिसके बाद ही उनकी वापसी पर फैसला लिया जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि वह 17 अप्रैल तक टीम के साथ जुड़ सकते हैं. इससे पहले खुद कमिंस ने संकेत दिए थे कि वह आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे और ताजा जानकारी के अनुसार वह कम से कम पहले पांच मैचों से बाहर रहेंगे. उनकी वापसी पूरी तरह स्कैन रिपोर्ट पर निर्भर करेगी.
इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने अभियान की शुरुआत मिली-जुली रही. पहले मैच में टीम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बड़ी हार झेलनी पड़ी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया. इस मैच में टीम की गेंदबाजी ने खासा प्रभाव छोड़ा, जब विपक्षी टीम 227 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 161 रन पर ही सिमट गई.
हैदराबाद की गेंदबाजी को लेकर उठे कई सवाल
सीजन शुरू होने से पहले हैदराबाद की गेंदबाजी को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे थे, खासकर कमिंस की गैरमौजूदगी में. लेकिन जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और नितिश कुमार रेड्डी जैसे गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन से इन चिंताओं को काफी हद तक दूर कर दिया है. अब टीम की नजर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले अगले मैच में इसी लय को बनाए रखने पर है.
वहीं, नितिश कुमार रेड्डी ने टीम की गेंदबाजी पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए साफ कहा कि उनकी टीम की गेंदबाजी कमजोर नहीं है. उन्होंने बताया कि टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन है, जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. रेड्डी के मुताबिक, टीम की बल्लेबाजी भले ही ज्यादा आकर्षण का केंद्र रही हो, लेकिन गेंदबाजी भी उतनी ही मजबूत और प्रभावी है.


