पंजाब को जीत दिलाने के बावजूद विलेन बने कूपर कॉनॉली, युवा बल्लेबाज की वजह से कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे IPL 2026 से बाहर?
पंजाब और गुजरात के बीच खेले गए मुकाबले में कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए. गेंद उनकी हाथों में इतनी तेज लगी कि वे चिल्ला उठे और जमीन पर लेट गए. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल सामने आया है कि क्या अय्यर आगे के मैच खेल पाएंगे या नहीं?

IPL 2026: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच एक डरावना पल देखने को मिला. मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर अपने ही साथी खिलाड़ी के शॉट से घायल हो गए. गेंद की तेज रफ्तार ने पूरे मैदान को स्तब्ध कर दिया और कुछ पलों के लिए खेल रुक गया.
कॉनॉली का जोरदार शॉट
मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पंजाब की टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी. स्कोर 110 रन के पार पहुंच चुका था. 12वें ओवर में राशिद खान की गेंद पर डेब्यू कर रहे कूपर कॉनॉली ने एक तेज और सीधा ड्राइव मारा.
नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े श्रेयस अय्यर को इस शॉट की कोई उम्मीद नहीं थी. गेंद सीधे उनके बाएं हाथ की कलाई पर लग गई. अय्यर दर्द से मैदान पर गिर पड़े. उनकी चीख और दर्द भरी मुद्रा देखकर हर कोई चिंतित हो गया.
5-6 मिनट तक रुका रहा मैच
चोट लगते ही पंजाब की टीम मैनेजमेंट और फिजियो स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंच गए. अय्यर काफी देर तक दर्द से कराहते रहे. उनके हाथ पर मैजिक स्प्रे और आइस पैक लगाया गया. करीब 5-6 मिनट तक मैच रुका रहा. स्टेडियम में सन्नाटा छा गया था. थोड़ी देर बाद अय्यर उठे और बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया, लेकिन चोट का असर साफ दिख रहा था.
चोट के बाद अगली गेंद पर आउट
चोट संभालने के बाद अय्यर ने बल्लेबाजी दोबारा शुरू की, लेकिन उनका आत्मविश्वास प्रभावित लगा. अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद लॉन्ग ऑफ पर कैच हो गई. अय्यर ने 11 गेंदों पर 18 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे.
अय्यर ने दी चोट पर अपडेट
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, “हाथ के बारे में बस इतना कह सकता हूं कि यह पहले जैसा ही है. मैं कोई अपशकुन नहीं करना चाहता. मैं सकारात्मक रहना चाहता हूं और उम्मीद करता हूं कि सब ठीक हो जाएगा.” उन्होंने कहा कि वह खुद को फिर से तैयार करेंगे और नए जोश के साथ आईपीएल में खेलेंगे.
क्या अय्यर अगला मैच खेल पाएंगे?
अभी यह साफ नहीं है कि कलाई की चोट कितनी गंभीर है. टीम मेडिकल स्टाफ इसकी जांच कर रहा है. पंजाब किंग्स की जीत में डेब्यूटेंट कूपर कॉनॉली ने 72 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को 3 विकेट से जीत दिलाई, लेकिन अय्यर की चोट इस जीत पर हल्का साया छोड़ गई है.


