यशस्वी जायसवाल ने दिखाई चीते जैसी फुर्ती, वीडियो में देखें कैसे हवा में उड़कर पकड़ा केएल राहुल का अद्भुत कैच
रणजी ट्रॉफी के चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने कमाल का कारनामा किया. उन्होंने हवा में छलांग लगाकर केएल राहुल का अद्भुत कैच पकड़ा, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई को कर्नाटक के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस रोमांचक मैच में कर्नाटक के बल्लेबाज केएल राहुल ने कमाल का प्रदर्शन किया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला.
उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत कर्नाटक सेमीफाइनल में पहुंच गई. हालांकि यशस्वी जायसवाल इस समय ज्यादा सुर्खियों में हैं. उन्होंने केएल राहुल का शानदार कैच झपटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
केएल राहुल की जबरदस्त पारी
पहली पारी में केएल राहुल सिर्फ 28 रन ही बना सके, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने पूरी तरह से लय पकड़ी. उन्होंने 130 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जो कर्नाटक के लिए मैच जिताने वाली साबित हुई. उनकी इस पारी ने मुंबई के गेंदबाजों को काफी परेशान किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
यशस्वी जायसवाल का शानदार कैच
मैच के महत्वपूर्ण मोड़ पर जब केएल राहुल 130 रन बनाकर खेल रहे थे, तभी मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने एक छोटी गेंद फेंकी. राहुल ने उस पर शॉट मारा, लेकिन गेंद बल्ले से लगकर स्क्वेयर लेग की ओर बढ़ी. वहां फील्डिंग कर रहे यशस्वी जायसवाल ने कमाल दिखाया.
उन्होंने हवा में छलांग लगाई और बाएं तरफ उड़ते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया. यह कैच देखकर हर कोई हैरान रह गया, लेकिन राहुल के आउट होने के बावजूद कर्नाटक की जीत पर कोई फर्क नहीं पड़ा.
WHAT A CATCH BY YASHASVI JAISWAL..!!! 🤯🔥
— Johns. (@CricCrazyJohns) February 9, 2026
- He is turning out to be one of the best in catching. pic.twitter.com/nXi6vonIGl
बल्ले से यशस्वी रहे निराश
यशस्वी जायसवाल इस मैच में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. पहली पारी में वे महज 12 गेंदों पर 5 रन ही बना सके, जिसमें एक चौका शामिल है. दूसरी पारी में उन्होंने थोड़ा संघर्ष किया और 43 गेंदों पर 36 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे. वे कुछ समय लय में दिखे, लेकिन बड़ी पारी खेलने में चूक गए.
मैच का रोमांचक अंत
कर्नाटक को दूसरी पारी में जीत के लिए 325 रनों का लक्ष्य मिला था. उन्होंने 6 विकेट पर यह लक्ष्य पूरा कर लिया और मुंबई को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. यशस्वी का फील्डिंग में कमाल भले ही याद रहे, लेकिन बल्ले का खामोश रहना मुंबई के लिए महंगा साबित हुआ.


