दूसरी बार दूल्हा बनेंगे शिखर धवन, विदेशी दुल्हन के देसी अंदाज ने जीता लोगों का दिल
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से शादी करने जा रहे हैं. हल्दी और मेहंदी की रस्में शुरू हो चुकी हैं. सोफी के पारंपरिक लुक और कपल के ट्विनिंग अंदाज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम के ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन एक बार फिर अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. 40 साल की उम्र में धवन अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर सोफी शाइन के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. शादी से पहले की रस्में शुरू हो चुकी हैं और सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. खासकर हल्दी और मेहंदी की झलकियों ने फैंस का दिल जीत लिया है.
दोनों की हल्दी सेरेमनी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. यह रस्म पारंपरिक अंदाज में आयोजित की गई, लेकिन इसमें एक खास ट्विस्ट भी देखने को मिला. समारोह में फूलों से हल्दी खेलने की थीम रखी गई थी. तस्वीरों में मेहमान सोफी पर गेंदे के फूल बरसाते नजर आए. यह अनोखा अंदाज लोगों को काफी पसंद आया. आमतौर पर फूलों की होली देखने को मिलती है, लेकिन यहां फूलों वाली हल्दी ने माहौल को और भी खास बना दिया.
विदेशी दुल्हन का पारंपरिक लुक
सोफी शाइन भले ही आयरलैंड से हैं, लेकिन उन्होंने भारतीय रीति-रिवाजों को पूरे दिल से अपनाया है. हल्दी के मौके पर उन्होंने ऑरेंज रंग का खूबसूरत लहंगा पहना, जो पारंपरिक और आकर्षक दोनों था. लहंगे पर लाल बॉर्डर और सुनहरी जरी का बारीक काम किया गया था. चौड़े किनारों पर लेस और रंगीन जरी ने इसे और भी खास बना दिया. पूरे लहंगे पर हल्का सेक्विन वर्क था, जिससे आउटफिट में हल्की चमक आ रही थी.
ब्लाउज को थोड़ा हैवी रखा गया था. लाल बेस पर गोल्डन जरी और मल्टीकलर एम्ब्रॉयडरी ने इसे रिच लुक दिया. हॉल्टर नेक डिजाइन ने पारंपरिक पहनावे में आधुनिकता का स्पर्श जोड़ा. इसके साथ उन्होंने पीले रंग का दुपट्टा लिया, जिस पर सुनहरी बूटियों का काम था. लाल और हरे बॉर्डर ने दुपट्टे को हल्दी की थीम के साथ बेहतरीन तालमेल दिया.
सादगी में दिखी खूबसूरती
सोफी ने अपने गहनों को बहुत हल्का रखा. उन्होंने केवल गोल्ड टोन ड्रॉप ईयररिंग्स पहने और हाथों में खूबसूरत कलीरे सजाए. सॉफ्ट वेवी हेयरस्टाइल और हल्के मेकअप के साथ उनका लुक बेहद निखरा हुआ दिखा. न्यूड लिप शेड और ग्लोइंग मेकअप ने उनकी सुंदरता में चार चांद लगा दिए.
दूल्हे राजा का क्लासिक अंदाज
दूसरी ओर शिखर धवन ने भी अपनी हल्दी में पारंपरिक पहनावा चुना. उन्होंने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ पीली हाफ जैकेट पहनी थी. जैकेट पर हल्की कढ़ाई और कॉलर पर स्टार डिटेलिंग थी. उनका सादा और सलीकेदार लुक सोफी के आउटफिट के साथ खूबसूरती से मेल खा रहा था. दोनों का ट्विनिंग अंदाज फैंस को खूब पसंद आया.
मेहंदी में भी दिखा भारतीय रंग
हल्दी से पहले मेहंदी की रस्म भी धूमधाम से हुई. सोफी ने अपने दोनों हाथों पर गहरी और भरी हुई मेहंदी लगवाई. उन्होंने खुद इसकी तस्वीरें साझा कीं, जिन्हें देखकर साफ था कि वे हर भारतीय परंपरा को पूरे उत्साह से निभा रही हैं. शिखर धवन और सोफी की शादी इस हफ्ते होने वाली है. फैंस इस जोड़ी को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं.


