IPL 2026 फाइनल हार के बाद भावुक हुए शुभमन गिल, कहा 'जीत पास थी, लेकिन'
31 मई को अहमदाबाद में खेले गए IPL 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को RCB से हार झेलनी पड़ी। खिताब से एक कदम दूर GT का सफर खत्म हो गया।

नई दिल्ली: 31 मई को अहमदाबाद में खेले गए IPL 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को RCB से हार झेलनी पड़ी। खिताब से एक कदम दूर GT का सफर खत्म हो गया। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने हार का दर्द बयां किया और साथ ही टीम के जज्बे की तारीफ भी की।
"हार में भी हार नहीं होती" - गिल का मैसेज
कप्तान शुभमन गिल ने लिखा, "हम जीत के बहुत करीब थे लेकिन फिनिश लाइन पार नहीं कर सके। यह तकलीफ बहुत गहरी है। निराशा का बोझ भारी लगता है। पर जिस खेल से हम सब इतना प्यार करते हैं, वह हमें जिंदगी सिखाता है। मैंने सीखा है कि जब तक हम उठकर फिर कोशिश करते हैं, तब तक हार भी हार नहीं होती।"
गुजरात के कप्तान ने फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "आप सभी का दिल से आभार। आप हर अच्छे बुरे वक्त में हमारे साथ खड़े रहे। आपकी एनर्जी ने ही हमें आखिरी गेंद तक लड़ने की ताकत दी।"
फाइनल में ऐसा रहा मैच का हाल
RCB ने टॉस जीतकर GT को पहले बल्लेबाजी दी। गुजरात की टीम 20 ओवर में 155/8 रन ही बना सकी। वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंद पर नाबाद 50 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके शामिल थे। निशांत सिंधु ने 18 गेंद पर 20 रन जोड़े। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन तक नहीं पहुंचा।
RCB के लिए रासिक डार सलाम ने 3 विकेट लिए और सिर्फ 27 रन दिए। भुवनेश्वर कुमार को 2/29 और जोश हेजलवुड को 2/37 विकेट मिले। तीनों ने लगातार अंतराल पर विकेट निकालकर GT को बांधे रखा।
कोहली की पारी ने दिलाई RCB को जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। अय्यर ने 16 गेंद पर 32 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए।
बीच में GT ने वापसी की कोशिश की। एक वक्त RCB का स्कोर 132/5 हो गया था। लेकिन विराट कोहली क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने 42 गेंद पर नाबाद 75 रन ठोक दिए। कोहली ने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। उनकी पारी की बदौलत RCB ने दो ओवर रहते मैच जीत लिया।
RCB का दूसरा IPL खिताब
गौरतलब है कि यह RCB का दूसरा IPL टाइटल है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में यह उनकी कुल चौथी ट्रॉफी है। इससे पहले RCB की टीम दो बार Women's Premier League का खिताब भी जीत चुकी है। वहीं गुजरात टाइटन्स का दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया।


