SL vs AFG: श्रीलंका ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान, इन खिलाड़ियों को मिली जगह

SL vs AFG: जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद श्रीलंका टीम एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान टीम से टक्कर के लिए पूरी तरह तैयार है. वनडे टीम के कप्तान कुसल मेंडिस टेस्ट टीम में उपकप्तान की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे.

Dheeraj Dwivedi

SL vs AFG Test: अफगानिस्तान के खिलाफ शुक्रवार 2 फरवरी से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस टेस्ट के लिए श्रीलंका ने 3 अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है. इन खिलाड़ियों में विकेटकीपर बल्लेबाज लाहिरु उदारा, तेज गेंदबाज चमिका गुणशेखर और मिलान रतनायके का नाम शामिल है. लाहिरु उदारा और चमिका गुणशेखर पहले श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के लिए वनडे और टी20 अंतर्राष्ट्रीय खेल चुके हैं.

बता दें कि जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद धनंजय डी सिल्वा के नेतृत्व वाली श्रीलंका क्रिकेट टीम एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम से टक्कर लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है. श्रीलंका की टीम वनडे विश्व कप 2023 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में वापसी करती हुई नजर आएगी.

श्रीलंका की वनडे टीम के कप्तान कुसल मेंडिस टेस्ट टीम के उपकप्तान की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे. दिमुथ करुणारत्ने, एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चंडीमल जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी श्रीलंकाई टीम में शामिल हैं.

दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर की संभावना -

श्रीलंकाई टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत और आत्मविश्वास के साथ टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहेगी. इसके साथ ही कम अनुभवी अफगानिस्तान की टीम पर बढ़त बनाना चाहेगी. भारत जैसी बेहद मजबूत टीम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद अफगानिस्तान की टीम फरवरी के आखिर तक अपने एकमात्र टेस्ट मैच का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाना चाहेगी.

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम -

धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कुसल मेंडिस (उपकप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, एंजेलो मैथ्यूज, निशान मदुष्का, दिनेश चंडीमल, रमेश मेंडिस, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, प्रभात जयसूर्या, कासुन राजिथा, कामिन्दु मेंडिस, लाहिरु उदारा, चमिका गुणशेखर, मिलान रतनायके.

श्रीलंका के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान टीम -

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जादरान, अब्दुल मलिक, नूर अली जादरान, रहमत शाह (उपकप्तान), बहिर शाह, नासिर जमाल, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर, बल्लेबाज), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर, बल्लेबाज), कैस अहमद, जिया-उर-रहमान, जहीर खान, यामीन अहमदजई, निजात मसूद, नवीद जादरान और मोहम्मद सलीम.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag