T20 कप्तानी से हटाए गए सूर्यकुमार यादव! टीम में जगह को लेकर भी बढ़ी टेंशन
बीसीसीआई, टीम मैनेजमेंट और सेलेक्शन कमेटी ने कोच गौतम गंभीर के साथ चर्चा के बाद तय किया है कि अब टीम नए कप्तान के साथ आगे बढ़ेगी।

नई दिल्ली: T20 वर्ल्ड कप में भारत को घरेलू जमीन पर चैंपियन बनाने के सिर्फ तीन महीने बाद सूर्यकुमार यादव से कप्तानी छीन ली गई है। इतना ही नहीं, अब प्लेइंग इलेवन में भी उनकी जगह पक्की नहीं मानी जा रही। यह बड़ा फैसला आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले आया है।
नए दौर के लिए नया कप्तान
बीसीसीआई, टीम मैनेजमेंट और सेलेक्शन कमेटी ने कोच गौतम गंभीर के साथ चर्चा के बाद तय किया है कि अब टीम नए कप्तान के साथ आगे बढ़ेगी। दरअसल भारतीय टीम पहले आयरलैंड में दो T20 मैच खेलेगी। इसके बाद इंग्लैंड में पांच मैचों की T20 सीरीज होगी।
इस बीच BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' से कहा, "सूर्य की कप्तानी में हमने T20 वर्ल्ड कप जीता, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म और फ्यूचर को देखते हुए बदलाव जरूरी था। सेलेक्शन कमेटी, बोर्ड और टीम मैनेजमेंट एकमत हैं कि अब आगे बढ़ने का वक्त है।"
खराब फॉर्म बनी बड़ी वजह
सूर्यकुमार की बल्लेबाजी पिछले दो साल से लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। 2026 IPL सीजन भी उनके लिए बेहद खराब रहा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फिफ्टी लगाकर सीजन खत्म किया, लेकिन 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बने। इस दौरान मात्र 20.76 का उनका औसत रहा।
मार्च में भारत को तीसरा T20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी उनकी बैटिंग पर सवाल उठते रहे। 2024 में वेस्टइंडीज में वर्ल्ड कप जीत के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया था। तब सूर्य को T20 टीम की कमान दी गई थी।
कप्तान के तौर पर कैसा रहा रिकॉर्ड
सूर्य की कप्तानी में भारत ने 2025 का एशिया कप और 2026 का T20 वर्ल्ड कप जीता। इसके अलावा वह 2024 T20 वर्ल्ड कप और 2023 एशिया कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे।
तेज रन बनाने वाले बल्लेबाज की पहचान
सूर्यकुमार को हमेशा से एक विस्फोटक बल्लेबाज माना गया है। नंबर 3 या 4 पर बैटिंग करते हुए वह अपने अनोखे शॉट्स से मैच पलट देते थे। दबाव में भी बाकी बल्लेबाजों से तेज रन बनाने की काबिलियत उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। लेकिन यह बात अक्टूबर 2024 से पहले की है।
12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ फिफ्टी के बाद उनका अगला 50 प्लस स्कोर 23 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ आया। उसी सीरीज में दो और अर्धशतक लगे।
यह 2026 T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की आखिरी T20I सीरीज थी और सूर्य की फॉर्म ने उम्मीद जगाई थी। वर्ल्ड कप में USA के खिलाफ 84 रन की नाबाद पारी से शुरुआत की, पर उसके बाद वह लय बरकरार नहीं रख पाए।


