12 साल बाद रणजी खेलने उतरेंगे विराट कोहली, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म तलाशने पर होगी नजर
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले विराट के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल अब किंग भी रणजी ट्रॉफी मैच में हिस्सा लेंगे। वह 23 जनवरी से शुरू हो रहे मैच में तो नहीं खेल पाएंगे, लेकिन उन्होंने अगले मैच के लिए उपलब्धता बता दी है.

खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे. कोहली 12 साल बाद रणजी ट्रॉफी मैच में वापसी करेंगे. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 2012 के बाद रणजी ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने 30 जनवरी से यहां रेलवे के खिलाफ होने वाले दिल्ली के मुकाबले के लिए खुद को उपलब्ध रखा है.
इससे पहले चर्चा थी कि वह सौराष्ट्र के खिलाफ 23 जनवरी से शुरू हो मैच में खेलेंगे, लेकिन बाद में उनकी चोट की खबर सामने आई. वह गर्दन में खिंचाव के कारण सौराष्ट्र के खिलाफ 23 जनवरी से शुरू होने वाले दिल्ली के आगामी मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन उन्होंने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) को सूचित कर दिया है कि वह टीम के रणजी ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसके बाद वे तीन मैचों की वनडे सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे और फिर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए दुबई जाएंगे.
30 जनवरी को रणजी मैच खेलने उतरेंगे विराट
दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप सिंह ने कहा, ‘‘विराट कोहली ने डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली और टीम प्रबंधन को बता दिया है कि वह रेलवे के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध हैं.’’ बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया में सीरीज हारने के बाद अपने अनुबंधित क्रिकेटरों के लिए फिटनेस से जुड़ी कोई समस्या नहीं होने पर घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य कर दिया है.
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं चला विराट का बल्ला
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट का बल्ला खामोश रहा था. उन्होंने इस दौरे की शुरुआत पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में शतक के साथ की थी. हालांकि, वह इस लय को बरकरार नहीं रख सके और बाकी मैचों में रन बनाने में विफल रहे. पांच मुकाबलों की नौ पारियों में उन्होंने सिर्फ 190 रन बनाए और उनका औसत भी 23.75 रहा.
10 साल बाद रोहित शर्मा रणजी खेलेंगे
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी करीब 10 साल के बाद रणजी ट्रॉफी में उतरने वाले हैं. रोहित शर्मा को मुंबई की टीम में शामिल कर लिया गया है, जहां उनके साथ यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर नजर आने वाले हैं. शुभमन गिल पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले हैं, जबकि सौराष्ट्र के लिए रविंद्र जडेजा रणजी मैच खेलते हुए नजर आएंगे. ऐसे में भारत के टॉप के क्रिकेटर आने वाले कुछ दिनों में डोमेस्टिक क्रिकेट में नजर आएंगे. विराट और रोहित के लिए घरेलू क्रिकेट में लौटना इसलिए भी जरूरी सा हो गया था, क्योंकि रेड बॉल क्रिकेट में उनका पास फॉर्म नहीं है.
BCCI ने घरेलू टूर्नामेंट में खेलना किया अनिवार्य
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हार के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य किया था. बोर्ड ने गुरुवार को टीम इंडिया के लिए नई नीतियां जारी कीं. इसकी वजह से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में चयन और केंद्रीय अनुबंध के लिए पात्र बने रहने के लिए घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेना अनिवार्य हो गया. केवल कुछ खास परिस्थितियों में ही खिलाड़ी को इससे छूट दी जाएगी. नई नीति में कहा गया है- राष्ट्रीय टीम और केंद्रीय अनुबंध में चयन के लिए घरेलू टूर्नामेंट्स में भागीदारी अनिवार्य है


