फिर से महामुकाबला? भारत-पाकिस्तान का होगा आमना-सामना! जानें समीकरण
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग मुकाबले में पाकिस्तान टीम को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. अब क्रिकेट प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मुकाबला संभव है.

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग मुकाबले में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. भारतीय टीम ने सुपर 8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे बढ़ने की राह अब नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर निर्भर है. अब क्रिकेट प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मुकाबला संभव है.
कैसे होगा दोनों टीमों में मुकाबला?
मौजूदा टूर्नामेंट प्रारूप के अनुसार, दोनों टीमों की दोबारा भिड़ंत केवल तभी हो सकती है जब वे सुपर 8 से आगे बढ़कर सेमीफाइनल या फाइनल तक पहुंचें. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमों को चार समूहों A, B, C और D में विभाजित किया गया है. प्रत्येक समूह में पांच टीमें शामिल हैं और हर समूह से शीर्ष दो टीमें सुपर 8 में प्रवेश करती हैं. इसके बाद सुपर 8 में पहुंचने वाली आठ टीमों को दो अलग-अलग समूहों में बांटा जाता है, जहां हर टीम अपने समूह की अन्य तीन टीमों से एक-एक मुकाबला खेलती है. इन दोनों समूहों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचती हैं और फिर विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाता है.
आईसीसी की प्री-सीडिंग व्यवस्था के तहत भारत को X1 और पाकिस्तान को Y3 सीड दी गई है. इस व्यवस्था के कारण दोनों टीमों को सुपर 8 में अलग-अलग समूहों में रखा जाएगा. चूंकि सुपर 8 में टीमें केवल अपने समूह की टीमों से ही खेलती हैं. इसलिए इस चरण में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला संभव नहीं होगा.
हालांकि, यदि दोनों टीमें अपने-अपने सुपर 8 समूह में शीर्ष दो स्थान हासिल कर लेती हैं और सेमीफाइनल जीत जाती हैं तो फाइनल में उनकी टक्कर हो सकती है. इससे पहले दोनों टीमें केवल एक बार 2007 के टी20 विश्व कप फाइनल में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने जीत हासिल की थी.
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
सुपर 8 चरण में भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा. इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया या जिम्बाब्वे से भिड़ंत होगी और 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच खेला जाएगा. भारतीय टीम का लक्ष्य शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमीफाइनल और फिर खिताब तक पहुंचना होगा.


