‘नशा मुक्त पंजाब से घबराया विपक्ष’, विलेज डिफेंस कमेटियों पर उठे सवालों पर आप का हमला

आम आदमी पार्टी पंजाब के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने मोगा जिले के मोगा के किल्ली चाहलां गांव में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का कड़ा जवाब दिया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने मोगा जिले के मोगा के किल्ली चाहलां गांव में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का कड़ा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से घबराकर विरोधी दल अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं.

पन्नू ने बयान में क्या कहा? 

पन्नू ने अपने बयान में कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस और गंभीर प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को इन प्रयासों से परेशानी हो रही है, क्योंकि अब उनकी राजनीति को आधार देने वाले मुद्दे कमजोर पड़ रहे हैं. पन्नू ने यह भी कहा कि जो लोग आज सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें अपने शासनकाल की याद करनी चाहिए, जब राज्य में नशे का कारोबार खुलेआम पनपता रहा.

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सब कुछ जानती और समझती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के समय नशे के कारोबार को रोकने के बजाय उसे अप्रत्यक्ष संरक्षण मिला, जिससे कई परिवार प्रभावित हुए और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ा. इसके विपरीत, वर्तमान सरकार जनता के संसाधनों का उपयोग समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए कर रही है.

पन्नू ने आगे कहा कि मोगा में आयोजित कार्यक्रम में केवल विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्य शामिल हुए थे, जिनमें विभिन्न गांवों के जागरूक नागरिकों ने नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली. उन्होंने विश्वास जताया कि जब ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के दूसरे चरण में पूरे गांव और समुदाय इस मुहिम से जुड़ेंगे तो इसका प्रभाव और व्यापक होगा.

पंजाब को लेकर क्या बोले पन्नू? 

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब नशे की समस्या से मुक्ति चाहते हैं और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. पन्नू ने स्पष्ट किया कि सरकार उन सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, जो नशे के कारोबार में शामिल हैं या युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं. उन्होंने अंत में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल नशे को खत्म करना ही नहीं, बल्कि पंजाब को सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनाना भी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag