तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह से पहले मोहम्मद यूनुस ने की अपने इस्तीफे की घोषणा

मोहम्मद यूनुस ने ढाका में राष्ट्र को संबोधित करते हुए अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को ढाका में राष्ट्र को संबोधित करते हुए अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी. यह फैसला उस समय आया है जब देश में हाल ही में हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को स्पष्ट बहुमत मिला है और उसके नेता तारिक रहमान नई सरकार बनाने जा रहे हैं. यूनुस ने अपने विदाई संदेश में कहा कि अंतरिम प्रशासन अब निर्वाचित नेतृत्व को सत्ता सौंप रही है. 

संबोधन में यूनुस ने क्या कहा?

अपने संबोधन में यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार का उद्देश्य देश में लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को बहाल करना था. इस दिशा में जो पहल शुरू की गई है, उसे भविष्य में भी जारी रखा जाना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार इन मूल्यों को मजबूत करेगी और देश को स्थिरता और विकास की दिशा में आगे ले जाएगी.

यूनुस अगस्त 2024 में उस समय बांग्लादेश लौटे थे, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो गई थी. उस समय अंतरिम सरकार का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व यूनुस को सौंपा गया. उन्होंने अपने संबोधन में उस दौर को याद करते हुए कहा कि वह समय देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ था, जब युवाओं और आम नागरिकों ने बदलाव की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाई.

 बीएनपी ने हासिल किया बहुमत 

हाल ही में हुए आम चुनावों में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटों पर जीत दर्ज कर भारी बहुमत हासिल किया. इस जीत के बाद यूनुस ने बीएनपी और उसके नेता तारिक रहमान को बधाई दी और औपचारिक रूप से सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की. तारिक रहमान मंगलवार को नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनका शपथ ग्रहण समारोह संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.

चुनाव में जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं. वहीं, अवामी लीग को इस चुनाव में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई थी. यह पूरा घटनाक्रम बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. सत्ता परिवर्तन के साथ अब देश में नई सरकार से राजनीतिक स्थिरता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag