बांग्लादेश में टूटने जा रही 60 साल पुरानी परंपरा, बंग भवन में शपथ नहीं लेंगे तारिक रहमान

बांग्लादेश में आम चुनावों में बड़ी जीत हासिल करने के बाद तारिक रहमान मंगलवार को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. यह समारोह संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनावों में बड़ी जीत हासिल करने के बाद तारिक रहमान मंगलवार, 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इस शपथ ग्रहण समारोह की खास बात यह है कि यह पारंपरिक स्थल बंगभवन में आयोजित नहीं होगा, बल्कि संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा. यह कदम पिछले लगभग छह दशकों से चली आ रही परंपरा से अलग माना जा रहा है. 

राष्ट्रपति दिलाएंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ 

रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन दोपहर में प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. संसद सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, नए निर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 10 बजे संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा. इसके बाद दोपहर में नए मंत्रिमंडल का गठन होगा. वहीं, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने अपने संसदीय दल के नेता के चयन के लिए संसद भवन में बैठक बुलाई है. पार्टी के वरिष्ठ नेता सलाह उद्दीन अहमद ने स्पष्ट किया कि संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान ही प्रधानमंत्री पद संभालेंगे.

इस ऐतिहासिक मौके पर भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आधिकारिक प्रतिनिधि के रूप में समारोह में शामिल होंगे. उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी जाने की संभावना जताई जा रही है. बांग्लादेश ने इस समारोह में भाग लेने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया था, लेकिन वे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण शामिल नहीं हो पाएंगे. उसी दिन उनकी मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ महत्वपूर्ण बैठक तय है.

BNP को 297 में से 209 सीटों पर जीत

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, हालिया संसदीय चुनाव में BNP को 297 में से 209 सीटों पर जीत मिली, जिससे उसे स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ. इसके अलावा, जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें हासिल हुईं. चुनाव परिणामों के बाद तारिक रहमान ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और सकारात्मक संवाद का संदेश दिया.

तारिक रहमान पहली बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और वे अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस का स्थान लेंगे. उनके शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें मालदीव, तुर्की और श्रीलंका के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इस नए नेतृत्व से बांग्लादेश की आंतरिक राजनीति के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में भी नए बदलाव की उम्मीद की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag